
विद्यार्थियों ने भाषण, पोस्टर मेकिंग और वाद-विवाद प्रतियोगिता में लिया उत्साहपूर्वक हिस्सा
फिंगेश्वर। फणिकेश्वर नाथ शासकीय महाविद्यालय, फिंगेश्वर में संस्था प्रमुख डॉ. समीक्षा चंद्राकर के मार्गदर्शन एवं भौतिक शास्त्र विभाग के तत्वावधान में राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में अंतरिक्ष विज्ञान, भारतीय अंतरिक्ष उपलब्धियों, वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं अनुसंधान के प्रति रुचि विकसित करना रहा।
भाषण प्रतियोगिता में अंतरिक्ष उपलब्धियों पर रखे विचार
कार्यक्रम के तहत आयोजित भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम, डॉ. विक्रम साराभाई, चंद्रयान-3 एवं मंगलयान सहित भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान से जुड़े विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने देश की अंतरिक्ष यात्रा और वैज्ञानिक उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।
पोस्टर के माध्यम से दिखाई भारतीय अंतरिक्ष विज्ञान की झलक
पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने भारतीय अंतरिक्ष विज्ञान एवं अनुसंधान से संबंधित आकर्षक पोस्टर तैयार किए। पोस्टरों के माध्यम से विद्यार्थियों ने अंतरिक्ष तकनीक, भारतीय अंतरिक्ष मिशनों और वैज्ञानिक उपलब्धियों को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया।

अंतरिक्ष अनुसंधान पर खर्च को लेकर हुआ वाद-विवाद
वाद-विवाद प्रतियोगिता का विषय “अंतरिक्ष अनुसंधान पर खर्च: विकास की आवश्यकता या अनावश्यक खर्च” रखा गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विषय के पक्ष एवं विपक्ष में प्रभावी तर्क प्रस्तुत किए। इस दौरान विद्यार्थियों ने अंतरिक्ष अनुसंधान के आर्थिक, सामाजिक और राष्ट्रीय महत्व पर अपने विचार रखे।
वैज्ञानिक सोच विकसित करने पर जोर
महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. देवादास बंजारे ने कहा कि भारत की अंतरिक्ष उपलब्धियां देश की वैज्ञानिक क्षमता और आत्मनिर्भरता का प्रतीक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने तथा अनुसंधान की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
भौतिक शास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. रितेश गोलछा ने कहा कि अंतरिक्ष विज्ञान आज संचार, मौसम, कृषि, आपदा प्रबंधन एवं राष्ट्रीय सुरक्षा सहित अनेक क्षेत्रों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को विज्ञान एवं नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
कार्यक्रम में सोमेश सिन्हा, कल्याण साहू, विनोद कुमार, देवव्रत, हितेश, देवेंद्र, जागृति साहू, तान्या विश्वकर्मा, काजल, नम्रता, सुरभि, रितेश ध्रुव, लवलेश यादव एवं सावित्री सहित छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन गणित विभागाध्यक्ष प्रो. अंजलि देवांगन ने किया।
प्राध्यापक एवं स्टाफ रहे उपस्थित
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक श्री तीरथराम कपूर, डॉ. अलका कौशिक, श्री सतप्रीत सिंह गुरूदत्ता, कु. उर्वशी चंद्राकर, कु. दविंदर कौर, डॉ. भूलेश्वरी साहू, डॉ. मोहन सिंह, देवश्री कुर्रे, डॉ. रुबीना, श्रीमती ममता देवांगन सहित समस्त कार्यालयीन स्टाफ उपस्थित रहा।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर संस्था प्रमुख डॉ. समीक्षा चंद्राकर ने आयोजक टीम एवं सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक चेतना, तार्किक सोच एवं अंतरिक्ष अनुसंधान के प्रति रुचि विकसित करने का संदेश दिया गया।


