दुर्ग में दीपावली के बाद खूनी संघर्ष, चाकू और ईंट-पत्थरों से हमला कर युवक की हत्या; 10 आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

मृतक का फोटो

पुरानी रंजिश ने लिया हिंसक रूप, राजीव नगर में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट; आठ बालिग और दो नाबालिग पुलिस की गिरफ्त में

दुर्ग। दीपावली के त्योहार के दौरान कड़ी सुरक्षा और पुलिस पेट्रोलिंग के दावों के बीच दुर्ग शहर में हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के राजीव नगर वार्ड क्रमांक-4 में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर हिंसक संघर्ष हुआ। इस दौरान ईंट-पत्थर, लाठी और चाकू समेत अन्य हथियारों से हमला किया गया, जिसमें गंभीर रूप से घायल एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान राजीव नगर निवासी चंदू उर्फ चंदन प्रसाद देवांगन के रूप में हुई है। घटना 9 नवंबर की रात करीब 11:30 बजे से 12 बजे के बीच की बताई जा रही है। चंदन की गया नगर क्षेत्र के कुछ युवकों के साथ पुरानी रंजिश चल रही थी। इसी विवाद को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। शुरुआत में कहासुनी हुई, लेकिन देखते ही देखते विवाद मारपीट और खूनी संघर्ष में बदल गया।

ईंट-पत्थर और धारदार हथियारों से किया हमला

बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर दूसरे पक्ष के लोगों ने अपने अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया। इसके बाद एकजुट होकर चंदन पर हमला कर दिया गया। दोनों पक्षों के बीच ईंट-पत्थर चले और चाकू समेत अन्य हथियारों का इस्तेमाल किया गया। हमले में चंदन गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव और सनसनी का माहौल बन गया।

मारपीट का वीडियो भी आया सामने

सीएसपी देवांश राठौर के मुताबिक, सिटी कोतवाली क्षेत्र में दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर विवाद और मारपीट हुई थी। घटना में ईंट, पत्थर, चाकू और अन्य हथियारों के इस्तेमाल की जानकारी मिली है। घटनास्थल पर मौजूद कुछ लोगों ने मारपीट का वीडियो भी बनाया था। पुलिस इन वीडियो की जांच कर रही है, ताकि घटना में शामिल लोगों और उनकी भूमिका का पता लगाया जा सके।

आठ बालिग और दो नाबालिग गिरफ्तार

हत्या की सूचना मिलने के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू की। प्रार्थी समारू राम देवांगन की रिपोर्ट पर अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आठ बालिग और दो विधि से संघर्षरत बालकों समेत कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार बालिग आरोपियों में पंकज ठाकुर (28), निखिल ठाकुर (20), खूबलाल ठाकुर उर्फ छोटी (22), संगीता ठाकुर (35), पुष्पा ठाकुर (30), योगिता ठाकुर (18), संदीप ठाकुर (42) और सत्या साहू (18) शामिल हैं। सभी आरोपी राजीव नगर वार्ड क्रमांक-4 के निवासी बताए गए हैं।

मृतक और आरोपियों का भी रहा है आपराधिक रिकॉर्ड

सीएसपी देवांश राठौर ने बताया कि मृतक चंदन के खिलाफ भी पूर्व में कई आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। वहीं, गिरफ्तार आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी मिली है। पुलिस घटना के पीछे की वजह, आरोपियों की भूमिका और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर रही है।

दीपावली पर सुरक्षा व्यवस्था के दावों पर उठे सवाल

दीपावली जैसे बड़े त्योहार को देखते हुए शहर में पुलिस बल की तैनाती, पेट्रोलिंग और निगरानी के व्यापक इंतजाम किए जाने के दावे किए गए थे। इसके बावजूद रिहायशी इलाके में देर रात दो पक्षों के बीच हथियारों से लैस होकर हिंसक संघर्ष होना और एक युवक की जान चले जाना पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।

खासकर त्योहार के दौरान संवेदनशील इलाकों में पुलिस की गश्त और सूचना तंत्र की सक्रियता को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, घटना के समय घटनास्थल के आसपास पेट्रोलिंग टीम की मौजूदगी थी या नहीं, इस संबंध में पुलिस की ओर से स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 61(2), 191(1), 191(2) और 331(8) के तहत अपराध दर्ज किया है। सभी 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?