ट्रेन में मोबाइल लूटने का विरोध करने पर युवक की हत्या, दो नाबालिग गिरफ्तार; डंडों से पीटने के बाद पटरी पर गिरा था युवक

Spread the love

भिलाई में इंटरसिटी एक्सप्रेस के गेट पर बैठकर सफर कर रहे युवक से मोबाइल लूटने की कोशिश, विरोध करने पर आरोपियों ने की मारपीट; अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम

दुर्ग। चलती ट्रेन में मोबाइल लूटने की कोशिश के दौरान एक युवक की जान चली गई। इंटरसिटी एक्सप्रेस के गेट पर बैठकर सफर कर रहे युवक से दो नाबालिगों ने मोबाइल छीनने का प्रयास किया। युवक ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने डंडों से उसकी पिटाई कर दी। मारपीट के दौरान युवक ट्रेन से नीचे रेलवे पटरी पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए सुपेला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में दोनों नाबालिग आरोपियों को पकड़ लिया है।

घटना शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे खुर्सीपार थाना क्षेत्र के शिवाजीनगर स्थित रेलवे ट्रैक के पास की है। मृतक की पहचान महाराष्ट्र निवासी मोहम्मद फैजान उर्फ सोनू के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, सोनू अपने दो दोस्तों के साथ इंटरसिटी एक्सप्रेस से रायपुर जा रहा था। इस दौरान सोनू और उसका एक दोस्त ट्रेन के कोच के गेट पर बैठकर सफर कर रहे थे, जबकि उनका दूसरा साथी बर्थ पर सो रहा था।

बताया गया कि ट्रेन जब शिवाजीनगर के पास पहुंची, तब रेलवे पटरी के आसपास मौजूद दोनों नाबालिग गेट के पास पहुंचे। सोनू और उसका दोस्त मोबाइल फोन चला रहे थे। इसी दौरान आरोपियों ने सोनू के हाथ से मोबाइल छीनने की कोशिश की। सोनू ने जब इसका विरोध किया तो दोनों ने डंडों से उस पर हमला कर दिया। ट्रेन की रफ्तार करीब 25 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा बताई गई है। मारपीट के दौरान सोनू संतुलन खो बैठा और चलती ट्रेन से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद घायल युवक को तत्काल सुपेला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। जांच और पूछताछ के आधार पर दोनों नाबालिगों की पहचान कर उन्हें पकड़ लिया गया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

पुलिस ने बताया कि दोनों नाबालिगों के खिलाफ पहले भी मारपीट, लूट और चोरी जैसे अपराधों में मामले दर्ज रहे हैं। आरोपियों को शनिवार को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

रेलवे यात्रियों से सावधानी बरतने की अपील

इस घटना के बाद यात्रियों से चलती ट्रेन में विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि मोबाइल फोन और अन्य कीमती सामान खिड़की या ट्रेन के दरवाजे के पास बाहर की ओर न रखें। रेलवे ट्रैक के आसपास किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल रेलवे पुलिस अथवा स्थानीय पुलिस को सूचना दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?