
विद्यार्थियों ने संवैधानिक मूल्यों को आत्मसात कर जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का लिया संकल्प
डोंगरगढ़। शासकीय नेहरू स्नातकोत्तर महाविद्यालय, डोंगरगढ़ में 26 नवंबर, गुरुवार को संविधान दिवस के अवसर पर राजनीति विज्ञान विभाग के तत्वावधान में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रदीप जाम्बुलकर तथा राजनीति विज्ञान विभाग की प्राध्यापिकाओं सुश्री अनिमा मिंज एवं सुश्री सृष्टि श्यामकर के मार्गदर्शन में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य एवं राजनीति विज्ञान विभाग की प्राध्यापिकाओं द्वारा भारतीय संविधान के निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के तैलचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया गया। इसके पश्चात प्राचार्य डॉ. प्रदीप जाम्बुलकर ने उपस्थित छात्र-छात्राओं को संविधान की शपथ दिलाई। विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से संविधान के मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा एक जागरूक, जिम्मेदार एवं संवेदनशील नागरिक बनने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर सुश्री सृष्टि श्यामकर ने भारतीय संविधान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय लोकतंत्र की आत्मा हमारे संविधान में निहित है। संविधान केवल शासन संचालन का दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, सामाजिक न्याय, समानता, स्वतंत्रता एवं बंधुत्व का आधार स्तंभ है। इसी क्रम में सुश्री अनिमा मिंज ने विद्यार्थियों को संविधान के महत्व एवं नागरिकों के अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि संविधान केवल एक पुस्तक नहीं, बल्कि हमारे लोकतंत्र की शक्ति, नागरिकों के अधिकारों की सुरक्षा तथा राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य का आधार है।
कार्यक्रम के दौरान राजनीति विज्ञान विभाग के छात्र-छात्राओं ने भी संविधान के महत्व, मौलिक अधिकारों, नागरिक कर्तव्यों एवं लोकतांत्रिक मूल्यों पर अपने विचार व्यक्त किए। इस आयोजन ने विद्यार्थियों में संवैधानिक चेतना, लोकतांत्रिक सहभागिता तथा राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व की भावना को प्रोत्साहित किया।कार्यक्रम का संचालन सुश्री सृष्टि श्यामकर ने किया तथा आभार प्रदर्शन सुश्री अनिमा मिंज द्वारा किया गया।
