
नक्सली नेटवर्क कमजोर पड़ते ही जमीन में दबाई गई लेवी की रकम और सोने की तलाश में जुटे लोग, बेरोजगार युवाओं से लेकर आत्मसमर्पित नक्सलियों तक की नजर पुराने डंप पर; अब तक 12 से 15 करोड़ रुपए नकद और कुछ किलो सोना बरामद
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में नक्सलवाद कमजोर पड़ने के साथ ही माओवादियों द्वारा जंगलों और अंदरूनी इलाकों में जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए धन की तलाश शुरू हो गई है। कभी नक्सलियों के आतंक और बारूदी सुरंगों के डर से जहां लोग जाने से कतराते थे, अब उन्हीं जंगलों में गड़े खजाने की खोज की चर्चा तेज हो गई है। बेरोजगार युवाओं की टोलियां, आत्मसमर्पित नक्सली, पुलिस के मुखबिर और जंगलों की भौगोलिक जानकारी रखने वाले लोग संभावित ठिकानों की तलाश में जुटे हैं।
इस खजाने में माओवादियों द्वारा वसूली गई लेवी की नकदी और सोना होने की संभावना जताई जा रही है। बताया जाता है कि नक्सली संगठन के अलग-अलग डिवीजनों के कैडर अपने-अपने क्षेत्रों में धन छिपाकर रखते थे। इसके लिए सिंटेक्स की टंकियों, पीवीसी पाइप और स्टील के ड्रमों का इस्तेमाल किया जाता था। इन्हें जमीन के भीतर करीब 5 से 8 फीट गहराई में दबाया जाता था।
कटेकल्याण में खजाने के लालच में घर का फर्श खोदा
गड़े धन को हासिल करने के जुनून का एक मामला दंतेवाड़ा जिले के कटेकल्याण क्षेत्र से सामने आया है। यहां एक ग्रामीण ने पुराने नक्सली संपर्कों के आधार पर अपने ही कच्चे मकान का फर्श करीब 6 फीट तक खुदवा डाला। उसे उम्मीद थी कि जमीन के नीचे माओवादियों की छिपाई हुई रकम या सोना मिल सकता है, लेकिन काफी खुदाई के बाद भी उसके हाथ कुछ नहीं लगा। यह घटना बताती है कि नक्सलियों के गड़े धन को लेकर लोगों में किस तरह की उत्सुकता और लालच बढ़ रहा है।
कमांडरों की मौत के साथ दफन हो गए खजाने के कई राज
बस्तर के दरभा, पश्चिम बस्तर, दक्षिण बस्तर और माड़ डिवीजन में नक्सली कैडर अलग-अलग स्थानों पर संगठन का पैसा छिपाकर रखते थे। संगठन में कोई एक केंद्रीय खजांची नहीं होने के कारण प्रत्येक क्षेत्र के कैडर अपने स्तर पर रकम और कीमती सामान का डंप तैयार करते थे। कई मामलों में मुठभेड़ के दौरान कमांडरों की मौत और अन्य कैडरों के आत्मसमर्पण के बाद इन गुप्त ठिकानों की जानकारी भी उनके साथ ही खत्म हो गई। ऐसे में जमीन के भीतर छिपे धन का वास्तविक आंकड़ा और स्थान पता लगाना मुश्किल हो गया है।
100 से 140 करोड़ रुपए सालाना लेवी वसूली का अनुमान
नक्सलियों की आर्थिक गतिविधियों और लेवी वसूली को लेकर लंबे समय से बड़े आंकड़े सामने आते रहे हैं। विभिन्न सरकारी माध्यमों और अन्य सूत्रों के अनुसार माओवादी संगठन सालाना करीब 100 से 140 करोड़ रुपए तक की लेवी वसूली करते थे। हालांकि, इसके मुकाबले सुरक्षा बलों और एजेंसियों को अब तक लगभग 12 से 15 करोड़ रुपए नकद और कुछ किलो सोना ही बरामद हो पाया है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि संगठन की अवैध कमाई का एक बड़ा हिस्सा अब भी जंगलों और अन्य गुप्त ठिकानों में छिपा हो सकता है।
गरियाबंद में डंप से नकदी निकालते दो नक्सली गिरफ्तार
इसी बीच गरियाबंद जिले में पुलिस ने जंगल से गड़ी हुई नकदी निकालकर ले जाने की कोशिश कर रहे दो नक्सलियों को गिरफ्तार किया था। बताया गया कि वे संगठन को दोबारा सक्रिय करने, नए रंगरूटों को आर्थिक सहायता देने तथा हथियार और राशन की व्यवस्था के लिए पुराने डंप से रकम निकालने पहुंचे थे। इस घटना ने भी स्पष्ट किया है कि जमीन में छिपाई गई नकदी नक्सली नेटवर्क के लिए अब भी महत्वपूर्ण हो सकती है।
गड़ा हुआ धन मिलने पर पुलिस-प्रशासन को सूचना देना जरूरी
कानूनी विशेषज्ञों के अनुसार नक्सलियों द्वारा छिपाई गई रकम को सामान्य लावारिस खजाना मानकर अपने पास रखना उचित नहीं है। वरिष्ठ विधिक विशेषज्ञ अवधेश झा के मुताबिक, इंडियन ट्रेजर ट्रोव एक्ट, 1878 के तहत जमीन में 10 रुपए से अधिक मूल्य की लावारिस संपत्ति मिलने पर कलेक्टर या नजदीकी थाने को सूचना देना अनिवार्य है। ऐसी संपत्ति को छिपाने या अपने पास रखने पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है। मामले की प्रकृति के अनुसार प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) जैसी एजेंसियां भी कार्रवाई कर सकती हैं।
विशेषज्ञों ने लोगों को सलाह दी है कि जंगलों या किसी अन्य स्थान पर जमीन में दबाई गई नकदी, सोना अथवा संदिग्ध सामग्री मिलने पर स्वयं उसे निकालने या अपने पास रखने के बजाय तत्काल पुलिस और प्रशासन को सूचना दें।
बस्तर में नक्सलवाद के कमजोर पड़ने के बाद अब जंगलों में छिपे माओवादी नेटवर्क के आर्थिक रहस्यों को सामने लाने की चुनौती भी बढ़ गई है। एक ओर सुरक्षा एजेंसियां पुराने डंप और अवैध फंडिंग के नेटवर्क पर नजर रख रही हैं, वहीं दूसरी ओर गड़े खजाने की उम्मीद में लोगों का जंगलों और पुराने ठिकानों की ओर जाना सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के लिहाज से नई चिंता बन सकता है।
