वैशाली नगर महाविद्यालय में संविधान दिवस पर भाषण एवं पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित, विद्यार्थियों ने लोकतांत्रिक मूल्यों का दिया संदेश

Spread the love

भिलाई। इंदिरा गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, वैशाली नगर, भिलाई में राजनीति विज्ञान विभाग के तत्वावधान में संविधान दिवस के अवसर पर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों के लिए भाषण एवं पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर संविधान के महत्व और लोकतांत्रिक मूल्यों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम का शुभारंभ संविधान की उद्देशिका के सामूहिक वाचन के साथ हुआ। उपस्थित प्राध्यापकों, कर्मचारियों, एनसीसी कैडेट्स एवं छात्राओं ने संविधान की प्रस्तावना का वाचन कर उसके आदर्शों और मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

आयोजित भाषण एवं पोस्टर प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने संविधान में निहित समानता, स्वतंत्रता, न्याय, लोकतांत्रिक मूल्यों एवं नागरिक अधिकारों जैसे महत्वपूर्ण विषयों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के महत्व और नागरिकों के अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया।

महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अलका मेश्राम ने कार्यक्रम के सफल आयोजन पर प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों को संविधान के आदर्शों एवं मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा एक जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया।

इस अवसर पर वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. कैलाश शर्मा, अंग्रेजी विभागाध्यक्ष डॉ. मैलनी राय, डॉ. दविंदर छाबड़ा, डॉ. संतोष कुमार अग्रवाल, डॉ. रमा बनर्जी सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक-कर्मचारी, एनसीसी कैडेट्स एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम का संचालन श्री महेश कुमार अलेंद्र, एनसीसी (एएनओ) एवं डॉ. खेमराज चंद्राकर द्वारा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?