छत्तीसगढ़ के पिछड़ा वर्ग समाज के लिए गौरव का विषय बताया, सामाजिक और राजनीतिक सशक्तीकरण को मिलेगी नई दिशा
रायपुर/दुर्ग। दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के विधायक ललित चंद्राकर को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा का महामंत्री बनाए जाने पर छत्तीसगढ़ में हर्ष का माहौल है। 21 नवंबर 2026 को घोषित भाजपा ओबीसी मोर्चा की नई राष्ट्रीय टीम में उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस अवसर पर रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित अभिनंदन समारोह में रिसाली निगम क्षेत्र की भाजपा कार्यकर्ता एवं समाजसेवी तेजस्वी सोनवानी शामिल हुईं। उन्होंने ललित चंद्राकर का अभिनंदन कर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान तेजस्वी सोनवानी ने कहा कि ललित चंद्राकर को राष्ट्रीय स्तर पर मिली यह जिम्मेदारी केवल दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के पिछड़ा वर्ग समाज के लिए गौरव की बात है। ओबीसी समाज की बड़ी आबादी और प्रदेश के सामाजिक एवं राजनीतिक जीवन में उसकी महत्वपूर्ण भागीदारी को देखते हुए राष्ट्रीय संगठन में छत्तीसगढ़ को प्रतिनिधित्व मिलना विशेष महत्व रखता है।
उन्होंने कहा कि क्वांटिफायबल डाटा आयोग के सर्वे के अनुसार छत्तीसगढ़ में ओबीसी आबादी लगभग 42.41 प्रतिशत आंकी गई है। ऐसे में राष्ट्रीय महामंत्री के रूप में ललित चंद्राकर की भूमिका पिछड़ा वर्ग के सामाजिक, शैक्षणिक, आर्थिक और राजनीतिक सशक्तीकरण से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय मंच पर प्रभावी ढंग से उठाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।
ललित चंद्राकर के राष्ट्रीय महामंत्री बनने के बाद प्रथम छत्तीसगढ़ आगमन पर रायपुर से दुर्ग तक विभिन्न स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। तेजस्वी सोनवानी ने विश्वास जताया कि ललित चंद्राकर अपने नए दायित्व का निर्वहन पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ करेंगे। साथ ही पिछड़ा वर्ग के युवाओं, महिलाओं और वंचित वर्गों को संगठन एवं समाज में आगे बढ़ाने की दिशा में सार्थक पहल करेंगे।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय संगठन में छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधि को मिली यह जिम्मेदारी प्रदेश के ओबीसी समाज की अपेक्षाओं और आकांक्षाओं को राष्ट्रीय स्तर पर आवाज देने का महत्वपूर्ण अवसर है। इससे पिछड़ा वर्ग के अधिकारों, भागीदारी और विकास से जुड़े मुद्दों को नई प्राथमिकता मिलने की उम्मीद है।



