
रिसाली। शासकीय नवीन महाविद्यालय, रिसाली में सेवा संकल्प अभियान एवं राष्ट्रमंडल गतिविधि के अंतर्गत 26 सितंबर 2026 को योग प्रशिक्षण एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संस्था प्रमुख डॉ. अनुपमा अस्थाना के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं महाविद्यालयीन स्टाफ को योग, स्वस्थ जीवनशैली तथा शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकों, कर्मचारियों के साथ बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। योगाभ्यास के माध्यम से प्रतिभागियों को नियमित योग एवं प्राणायाम के महत्व की जानकारी दी गई। साथ ही शारीरिक सक्रियता बनाए रखने, संतुलित जीवनशैली अपनाने और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान योग के विभिन्न अभ्यासों और उनकी उपयोगिता के बारे में जानकारी प्रदान की गई। विद्यार्थियों को दैनिक जीवन में योग को शामिल करने तथा स्वस्थ दिनचर्या अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। प्रतिभागियों ने सक्रियता के साथ योगाभ्यास में हिस्सा लेते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का संयोजन डॉ. पूजा पाण्डेय ने किया। आयोजन की सफलता में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण एवं कर्मचारीगण का सहयोग रहा। विद्यार्थियों की बड़ी संख्या में सहभागिता ने कार्यक्रम को प्रभावी एवं सार्थक बनाया।
