
बातचीत के बहाने ढाबे के पीछे ले जाकर युवक को पीटा, धारदार हथियार दिखाकर दी जान से मारने की धमकी; 8,500 रुपए और मोबाइल लूटा
दुर्ग। जिले के पुलगांव थाना क्षेत्र में ढाबे में काम करने वाले 19 वर्षीय युवक के साथ मारपीट कर लूटपाट का मामला सामने आया है। आरोपियों ने बातचीत करने के बहाने युवक को ढाबे के पीछे बुलाया और वहां हाथ-मुक्कों व डंडे से उसकी जमकर पिटाई की। इसके बाद धारदार हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और युवक के पास रखे 8,500 रुपए नकद तथा करीब 10 हजार रुपए कीमत का मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को न्यायालय में पेश किया गया है।
बातचीत के बहाने ढाबे के पीछे बुलाया
पुलिस के अनुसार घटना 7 नवंबर की रात करीब 8:30 बजे की है। राजनांदगांव जिले के सोमनी थाना क्षेत्र के ग्राम इंदावानी निवासी चुनेंद्र साहू उर्फ बंटी (19) पुलगांव क्षेत्र के एक ढाबे में काम करता है। घटना के समय वह अपने काम में लगा हुआ था। इसी दौरान चार आरोपी ढाबे पहुंचे और बातचीत करने के बहाने उसे पीछे की ओर बुला ले गए।
पैसों की मांग का विरोध करने पर की मारपीट
ढाबे के पीछे पहुंचते ही आरोपियों ने युवक के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और पैसों की मांग करने लगे। युवक ने जब इसका विरोध किया तो सभी ने मिलकर हाथ-मुक्कों और डंडे से उसकी पिटाई कर दी। इस दौरान एक आरोपी ने धारदार हथियार दिखाकर उसे जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद आरोपी उसकी जेब में रखे 8,500 रुपए और मोबाइल फोन छीनकर मौके से भाग निकले।
पुलगांव नदी के पास घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपी
घटना के बाद पीड़ित ने पुलगांव थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के पुलगांव नदी के पास मौजूद होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर चारों को पकड़ लिया। पूछताछ और जांच के बाद लूट के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों की निशानदेही पर लूटा गया करीब 10 हजार रुपए कीमत का मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया।
तीन आरोपी न्यायिक रिमांड पर, नाबालिग न्यायालय में पेश
पुलिस ने मामले में रोशन विश्वकर्मा (24), निवासी गायत्री मंदिर के पीछे पुलगांव, संजय तिवारी (25), निवासी शीतला पारा पुलगांव और सोमेश्वर साहू (25), निवासी बजरंग चौक पुलगांव को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं, मामले में शामिल एक अपचारी बालक को संबंधित न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
