
मासिक वेतन पर युवकों को रखकर संचालित किया जा रहा था सट्टे का नेटवर्क, WINBUZZ ऐप के जरिए हो रहा था करोड़ों का लेन-देन होने की आशंका
दुर्ग-भिलाई। दुर्ग जिले में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मकान में संचालित सट्टा नेटवर्क का खुलासा किया है। कोहका के राजा गार्डन स्थित जी-9 टावर के पास एक मकान में WINBUZZ ऐप के माध्यम से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित किया जा रहा था। पुलिस ने दबिश देकर मौके से दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी मासिक वेतन पर सट्टा संचालन का काम कर रहे थे। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 4 लाख 93 हजार रुपए नकद, 18 स्मार्टफोन, तीन लैपटॉप समेत बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और बैंकिंग दस्तावेज जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि राजा गार्डन स्थित देवेंद्र कुमार साहू के मकान में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे का कारोबार चल रहा है। सूचना के आधार पर चौकी स्मृतिनगर, थाना सुपेला और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने गवाहों की मौजूदगी में मकान की घेराबंदी कर दबिश दी। पुलिस को देखकर कुछ संदिग्धों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने मौके से दो युवकों को पकड़ लिया।
मासिक वेतन पर काम कर रहे थे दोनों आरोपी
एएसपी ग्रामीण मणिशंकर चंद्रा के मुताबिक, प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि मुख्य आरोपी देवेंद्र कुमार साहू अपने साथियों के साथ WINBUZZ ऐप के जरिए ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करता था। इसके लिए लैपटॉप, मोबाइल फोन और सिम कार्ड का इस्तेमाल किया जाता था। नेटवर्क में अलग-अलग लोगों के बैंक खातों और एटीएम कार्ड के माध्यम से भी लेन-देन किया जा रहा था। गिरफ्तार दोनों युवक इस नेटवर्क में मासिक वेतन पर काम करते थे।
जांच में यह भी जानकारी सामने आई है कि कुछ लोगों के बैंक खातों का इस्तेमाल कथित तौर पर उनकी जानकारी के बिना सट्टे के लेन-देन के लिए किया जा रहा था। पुलिस इस पूरे नेटवर्क और बैंक खातों के इस्तेमाल से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।
नकदी, लैपटॉप और बैंकिंग दस्तावेज जब्त
पुलिस ने मौके से 4 लाख 93 हजार रुपए नकद, तीन लैपटॉप, एक आईपैड और अलग-अलग कंपनियों के 18 स्मार्टफोन जब्त किए हैं। इसके अलावा 22 एटीएम कार्ड, 10 बैंक पासबुक, एयरटेल बैंक के चार क्यूआर कोड स्कैनर, एक एयरटेल वाई-फाई डिवाइस और चार होंडा एक्टिवा स्कूटर भी जब्त किए गए हैं। पुलिस को मौके से अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज भी मिले हैं।
मुख्य आरोपी देवेंद्र कुमार साहू की तलाश जारी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रकाश हरिनखेड़े (23 वर्ष) और डिकेश प्रसाद तिवारी (22 वर्ष), दोनों निवासी अर्जुन नगर, वैशाली नगर के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7 तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2), 317(4) और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को 2 नवंबर को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की। फिलहाल मुख्य आरोपी देवेंद्र कुमार साहू और गिरोह से जुड़े अन्य संभावित लोगों की तलाश की जा रही है। पुलिस जब्त मोबाइल, लैपटॉप, बैंकिंग दस्तावेज और खातों के माध्यम से ऑनलाइन सट्टे के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।
