
शराब के नशे में पत्नी से कर रहा था विवाद, बुजुर्ग ने शांत रहने को कहा तो भड़का आरोपी; वारदात के बाद ग्रामीणों ने बिजली के खंभे से बांधकर पुलिस को सौंपा
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में पारिवारिक विवाद के दौरान हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। आडेझर गांव में शराब के नशे में पत्नी से विवाद कर रहे दामाद ने अपने मामा ससुर पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में 60 वर्षीय बुजुर्ग रत्तीराम की मौके पर ही मौत हो गई। घटना शनिवार देर रात करीब 12 बजे महामाया थाना क्षेत्र की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आडेझर निवासी रत्तीराम घटना के समय घर में बिस्तर पर लेटे हुए थे। इसी दौरान घर जमाई सुखराम नेताम शराब के नशे में अपनी पत्नी के साथ विवाद और गाली-गलौज कर रहा था। घर में हो रहे शोर-शराबे से परेशान होकर रत्तीराम ने उसे टोका और चुप रहने के लिए कहा।
टोका तो गुस्से में आकर कुल्हाड़ी से किया हमला
बताया जा रहा है कि मामा ससुर की यह बात आरोपी को नागवार गुजरी। गुस्से में आकर सुखराम ने कुल्हाड़ी (टंगिया) उठाई और रत्तीराम पर एक के बाद एक कई वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण बुजुर्ग ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
ग्रामीणों ने आरोपी को बिजली के खंभे से बांधा
घटना के बाद आरोपी की पत्नी ने आसपास के ग्रामीणों को आवाज देकर बुलाया। ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया। उस समय आरोपी गाली-गलौज कर रहा था। ग्रामीणों ने उसे भागने से रोकने के लिए बिजली के खंभे से बांध दिया और पुलिस को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही महामाया थाना पुलिस और डायल 112 की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
घर जमाई होने पर ताने देने की बात आई सामने
दल्लीराजहरा सीएसपी विकास पाटले के अनुसार, आरोपी सुखराम नेताम को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि आरोपी घर जमाई था और इसी बात को लेकर उसका मामा ससुर उसे ताने दिया करते थे। शनिवार देर रात शराब के नशे में पत्नी से विवाद के दौरान रत्तीराम ने उसे टोका, जिससे नाराज होकर आरोपी ने उन पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।
फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। इस घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
