
एटीएम कार्ड, पासबुक, चेकबुक और सिम कार्ड भी सौंपे; ठगी की रकम के लेन-देन में इस्तेमाल हो रहे थे बैंक खाते, चार मामलों में पुलिस की कार्रवाई
दुर्ग। साइबर ठगी के मामलों में ठगों को बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले छह खाताधारकों को दुर्ग पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी कमीशन के लालच में अपने और अन्य लोगों के बैंक खाते साइबर ठगों को उपलब्ध कराते थे। इसके बदले उन्हें 5 हजार से 15 हजार रुपए तक मिलते थे। इन बैंक खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी से प्राप्त रकम जमा करने और अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करने के लिए किया जा रहा था।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी एजेंटों के माध्यम से बैंक खाते उपलब्ध कराते थे। इसके साथ ही खातों से संबंधित एटीएम कार्ड, पासबुक, चेकबुक और सिम कार्ड भी दूसरों को सौंप देते थे। साइबर ठगी की रकम को इन खातों में जमा कर आगे दूसरे बैंक खातों में भेजा जाता था। पुलिस ने बैंक खातों में हुए संदिग्ध लेन-देन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की।
चार मामलों में छह खाताधारकों पर कार्रवाई
17 नवंबर को सुपेला, पद्मनाभपुर और मोहन नगर थाना क्षेत्रों में दर्ज चार मामलों में पुलिस ने छह खाताधारकों के खिलाफ कार्रवाई की। इनमें सुपेला थाना क्षेत्र के दो मामलों में तीन, पद्मनाभपुर के एक मामले में दो और मोहन नगर के एक मामले में एक आरोपी शामिल है।
सुपेला से तीन और पद्मनाभपुर से दो आरोपी गिरफ्तार
सुपेला पुलिस ने आशीष कुमार साहू (38), निवासी इस्पात नगर रिसाली, नीतेश मसीह (36), निवासी पदुमनगर चरोदा और धरम राज तिवारी (51), निवासी मॉडल टाउन सुपेला को गिरफ्तार किया है। वहीं पद्मनाभपुर पुलिस ने अमित मिश्रा (32), निवासी जवाहर नगर और गिरजा सिन्हा (23), निवासी शक्ति नगर को पकड़ा है। मोहन नगर पुलिस ने रविन्द्र कुमार दिवान (42), निवासी ग्राम कादुल, जिला बालोद के खिलाफ कार्रवाई की है।
पासबुक, एटीएम कार्ड और मोबाइल सहित दस्तावेज जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक, सिम कार्ड, मोबाइल फोन और अन्य संबंधित दस्तावेज जब्त किए हैं। आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धोखाधड़ी एवं अन्य संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
कमीशन के लालच में बैंक खाता देना पड़ सकता है भारी
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि थोड़े से कमीशन के लालच में किसी भी व्यक्ति को अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, पासबुक या सिम कार्ड उपलब्ध न कराएं। ऐसे खातों का इस्तेमाल साइबर अपराध में होने पर खाताधारक भी कानूनी कार्रवाई के दायरे में आ सकते हैं। बैंक खाते और उनसे जुड़े दस्तावेजों का इस्तेमाल केवल खाताधारक द्वारा वैध कार्यों के लिए ही किया जाना चाहिए।


