
17 हाथियों के झुंड में शामिल हुआ खतरनाक हाथी, चौथे दिन भी रेस्क्यू ऑपरेशन जारी; ड्रोन से निगरानी और गांवों में अलर्ट
सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा और सूरजपुर जिले में पिछले छह महीनों से दहशत का कारण बना कबरा हाथी अब 17 हाथियों के झुंड में शामिल हो गया है। सोमवार को 18 हाथियों का दल उदयपुर ब्लॉक के तेंदूटिकरा और सरमा के जंगलों में पहुंचा। हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए एहतियातन आसपास के 20 स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई। वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने और जंगल की ओर नहीं जाने की हिदायत दी है।
कबरा हाथी को पकड़ने के लिए वन विभाग का रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार चौथे दिन भी जारी है। यह हाथी अब तक 19 लोगों की जान ले चुका है। इनमें नवंबर महीने में ही नौ लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आई है। लगातार बढ़ती घटनाओं के कारण वन विभाग के सामने इसे सुरक्षित तरीके से पकड़ने की बड़ी चुनौती है।
17 हाथियों के झुंड में शामिल होने से बढ़ी मुश्किलें
वन विभाग के लिए सबसे बड़ी चुनौती यह है कि अब तक अकेले विचरण करने वाला कबरा हाथी शुक्रवार को 17 हाथियों के दल में शामिल हो गया। इसके बाद उसे अलग कर पकड़ना मुश्किल हो गया है। सोमवार को यह झुंड उदयपुर ब्लॉक के तेंदूटिकरा और सरमा के जंगलों में पहुंचा, जहां वन विभाग की टीमें लगातार उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही हैं।
दो कुमकी हाथियों के साथ विशेषज्ञ कर रहे तलाश
कबरा हाथी को ट्रैंकुलाइज कर पकड़ने के लिए बिलासपुर से वन्यजीव विशेषज्ञ डॉ. पीके चंदन और डॉ. जयकिशोर जड़िया की टीम जंगल में सर्चिंग कर रही है। इस अभियान में दो कुमकी हाथियों की भी मदद ली जा रही है। वन विभाग की योजना पहले कबरा हाथी को ट्रैंकुलाइज कर बेहोश करने और इसके बाद उसे रमकोला रेस्क्यू सेंटर भेजने की है।
20 स्कूलों में छुट्टी, गांवों में जारी किया गया अलर्ट
हाथियों के झुंड की मौजूदगी को देखते हुए शिक्षा विभाग ने उदयपुर ब्लॉक के आसपास के 20 स्कूलों में सोमवार को अवकाश घोषित किया। इनमें बेलढाब, चकेरी, आमाडुगू, सरमा, बासेन, मोहनपुर और दावा सहित आसपास के गांवों के प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय शामिल हैं।
ड्रोन से निगरानी, ग्रामीणों को जंगल से दूर रहने की सलाह
वन विभाग की टीमें ड्रोन के माध्यम से हाथियों के झुंड की लगातार निगरानी कर रही हैं। प्रभावित क्षेत्र में अलर्ट जारी कर ग्रामीणों को जंगल की ओर नहीं जाने और हाथियों की गतिविधियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है। वन विभाग का प्रयास है कि कबरा हाथी को जल्द से जल्द रेस्क्यू कर संभावित जनहानि को रोका जा सके।
