अफीम की अवैध खेती का खुलासा करने वाला सरपंच अरुण गौतम गिरफ्तार, जेल भेजा गया; व्हाट्सएप स्टेटस पर आपत्तिजनक पोस्ट करने का आरोप

Spread the love

दुर्ग में बाउंड ओवर की शर्तों का उल्लंघन करने पर पुलिस की कार्रवाई, प्रशासनिक और राजस्व अधिकारियों के खिलाफ पोस्ट करने का मामला

दुर्ग। छत्तीसगढ़ में अफीम की अवैध खेती का खुलासा कर चर्चा में आए दुर्ग जिले के समोदा गांव के सरपंच अरुण गौतम को पुलिस ने एक अन्य मामले में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उन पर व्हाट्सएप स्टेटस के माध्यम से प्रशासनिक और राजस्व अधिकारियों के संबंध में आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, पहले भी उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए बाउंड ओवर कराया गया था। इसके बावजूद दोबारा शर्तों का उल्लंघन किए जाने पर यह कार्रवाई की गई है।

शिकायत के बाद पुलगांव थाने में दर्ज हुआ मामला

पुलिस के अनुसार, समोदा निवासी जितेंद्र देशमुख ने सरपंच अरुण गौतम के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उन्होंने अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर प्रशासनिक और राजस्व अधिकारियों के संबंध में आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट की है। शिकायत और अनुविभागीय दंडाधिकारी दुर्ग से प्राप्त ज्ञापन के आधार पर पुलगांव थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 296 और आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने अरुण गौतम को गिरफ्तार कर लिया। पोस्ट करने में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन को भी जब्त किया गया है।

बाउंड ओवर की शर्तों का उल्लंघन, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए जेल

पुलिस के मुताबिक, अरुण गौतम के खिलाफ पहले भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई थी और उन्हें निर्धारित शर्तों के पालन के लिए बाउंड ओवर कराया गया था। इसके बावजूद दोबारा कथित आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट किए जाने पर पुलिस ने इसे बाउंड ओवर की शर्तों का उल्लंघन माना।

पुलिस ने बाउंड ओवर निरस्त करने और जब्त करने के लिए एसडीएम न्यायालय में प्रतिवेदन प्रस्तुत किया है। इसके बाद उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने इस कार्रवाई को छत्तीसगढ़ में बाउंड ओवर की शर्तों के उल्लंघन पर जेल भेजे जाने की अपनी तरह की पहली कार्रवाई बताया है।

मार्च 2026 में अफीम की खेती का खुलासा कर आए थे सुर्खियों में

समोदा गांव में मार्च 2026 में अफीम की अवैध खेती का बड़ा मामला सामने आया था। खेत में लाखों की संख्या में अफीम के पौधे मिलने के बाद यह मामला प्रदेशभर में चर्चा का विषय बन गया था। इस अवैध खेती की जानकारी पुलिस और प्रशासन तक पहुंचाने में सरपंच अरुण गौतम की भूमिका सामने आई थी।

उनकी शिकायत के बाद पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की थी। मामले की जांच के बाद पुलिस ने आठ आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र भी न्यायालय में पेश किया था।

अफीम की अवैध खेती का खुलासा कर सुर्खियों में आए समोदा के सरपंच अब एक अलग मामले में व्हाट्सएप स्टेटस पर कथित आपत्तिजनक पोस्ट और बाउंड ओवर की शर्तों के उल्लंघन के आरोप में जेल पहुंच गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?