सांदीपनी एकेडमी अछोटी में सतर्कता जागरूकता सप्ताह का आयोजन, विद्यार्थियों ने दिया भ्रष्टाचार मुक्त समाज का संदेश

Spread the love

चार दिवसीय आयोजन में प्रतिज्ञा, निबंध, रंगोली, वाद-विवाद प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक एवं यूनिटी रन के माध्यम से किया जागरूक

अछोटी, दुर्ग। सांदीपनी एकेडमी, अछोटी की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 के अवसर पर 28 से 31 अक्टूबर तक चार दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न शैक्षणिक, रचनात्मक एवं सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को ईमानदारी, सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता, नैतिक जिम्मेदारी और भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के विभिन्न विभागों एवं पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को सामाजिक बुराइयों के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें जिम्मेदार, कर्तव्यनिष्ठ एवं जागरूक नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम के प्रथम दिवस 28 अक्टूबर को सत्यनिष्ठा प्रतिज्ञा समारोह आयोजित किया गया। इसमें लगभग 200 विद्यार्थियों ने सहभागिता करते हुए ईमानदारी, पारदर्शिता एवं भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण की शपथ ली। विद्यार्थियों ने अपने व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक जीवन में नैतिक मूल्यों का पालन करने तथा भ्रष्टाचार के विरुद्ध सजग रहने का संकल्प लिया। इस आयोजन में एनएसएस दलनायिका अंकिता तिवारी (बीए-बीएड चतुर्थ वर्ष) की सक्रिय भूमिका रही।

द्वितीय दिवस 29 अक्टूबर को निबंध एवं रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिताओं का विषय भ्रष्टाचार उन्मूलन एवं समाज में नैतिक जिम्मेदारी की भूमिका रहा। विद्यार्थियों ने रंगोली और निबंध के माध्यम से भ्रष्टाचार की समस्या, ईमानदारी, पारदर्शिता तथा भ्रष्टाचार मुक्त भारत की परिकल्पना को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया। उनकी कलात्मक अभिव्यक्ति के साथ सामाजिक संदेशों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।

तीसरे दिवस 30 अक्टूबर को वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसका विषय “भ्रष्टाचार मिटाने में कानून या नागरिकों की नैतिक जिम्मेदारी: कौन अधिक महत्वपूर्ण है?” रखा गया। विद्यार्थियों ने पक्ष एवं विपक्ष में प्रभावशाली तर्क प्रस्तुत किए। लगभग 200 विद्यार्थियों की सहभागिता वाले इस आयोजन में प्रतिभागियों ने विषय की गहरी समझ, तार्किक क्षमता और आत्मविश्वास का परिचय दिया। प्रस्तुत विचारों का स्तर इतना प्रभावशाली रहा कि निर्णायक मंडल के लिए प्रथम एवं द्वितीय स्थान का चयन चुनौतीपूर्ण हो गया।

प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक पी. नागरत्नम, श्री विजय पाटिल एवं अंग्रेजी विभाग की आमंत्रित अतिथि निर्णायक सुश्री ज्योति राय शामिल रहीं।

कार्यक्रम के अंतिम दिवस 31 अक्टूबर को नुक्कड़ नाटक एवं जागरूकता वॉकथॉन (यूनिटी रन) का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने निर्धारित मार्ग पर जागरूकता यात्रा निकालकर भ्रष्टाचार उन्मूलन, नशामुक्ति, स्वच्छता, शिक्षा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व से जुड़े नारे लगाए। इसके बाद ग्रामीण क्षेत्र में नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर ग्रामीणों को भ्रष्टाचार एवं नशे जैसी सामाजिक बुराइयों के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया।

विद्यार्थियों ने प्रभावशाली संवाद एवं अभिनय के माध्यम से नशामुक्ति, स्वच्छता, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया। ग्रामीणों ने भी कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा नशे के विरुद्ध स्वयं जागरूक रहने और अपने परिवार एवं गांव के अन्य लोगों को जागरूक करने का संकल्प व्यक्त किया।

चार दिवसीय आयोजन से विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, सामाजिक उत्तरदायित्व, तार्किक क्षमता, रचनात्मक अभिव्यक्ति एवं सामुदायिक सहभागिता की भावना को प्रोत्साहन मिला। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि भ्रष्टाचार मुक्त समाज का निर्माण केवल कानून एवं प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की ईमानदारी, नैतिकता और जागरूकता भी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

आयोजन की सफलता पर संस्था के संचालक श्री महेंद्र चौबे, महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. स्वाति श्रीवास्तव, विभागाध्यक्ष डॉ. संध्या पुजारी, आईक्यूएसी समन्वयक श्री गुलसन कुमार बेहेरा, प्रशासनिक अधिकारी श्री सुधीर तिवारी तथा आईटीआई विभाग के प्राचार्य श्री दिगेश साहू का मार्गदर्शन एवं सहयोग प्राप्त हुआ।

एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक पी. नागरत्नम के नेतृत्व में एनएसएस संयोजकों श्री विजय पाटिल, सुश्री रेनू साहू, श्री रविशंकर, श्री विवेक कुमार गौतम एवं श्री भागीरथी साहू ने कार्यक्रम के संचालन एवं समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं कार्यालयीन कार्यों एवं दस्तावेजी प्रक्रिया में श्रीमती पूजा शर्मा, श्री नीरज कुर्रे तथा तकनीकी सहयोगी का योगदान सराहनीय रहा। एनएसएस दलनायिका अंकिता तिवारी सहित समस्त प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं स्वयंसेवकों के सहयोग की सराहना की गई।

महाविद्यालय के बीएड, बीए, बीकॉम, बीएससी, आईटीईपी सहित सभी संचालित पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता को आयोजन की सफलता का आधार बताया गया।

सांदीपनी एकेडमी का यह आयोजन विद्यार्थियों के साथ ग्रामीण समुदाय तक सामाजिक जागरूकता का संदेश पहुंचाने की सार्थक पहल साबित हुआ। कार्यक्रम के माध्यम से ईमानदारी, सत्यनिष्ठा, नशामुक्ति एवं सामाजिक जिम्मेदारी के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?