
दुर्ग-भिलाई में चोरी की वारदात सीसीटीवी में कैद, नकदी और सोने के झुमके गायब; पुलिस ने 45 हजार रुपए किए बरामद
दुर्ग-भिलाई। छत्तीसगढ़ के भिलाई में एक परिवार बेटी की मौत के सदमे से उबर भी नहीं पाया था कि घर में चोरी की घटना सामने आ गई। बेटी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए पूरा परिवार घर से बाहर गया था। इसी दौरान शोक कार्यक्रम में शामिल होने आई एक महिला पर घर से नकदी और सोने के झुमके चोरी करने का आरोप लगा है। भिलाई नगर थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से 45 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं।
बेटी की सड़क हादसे में हुई थी मौत
मामला तालपुरी बी-ब्लॉक के आर्किड क्षेत्र में स्थित बिल्डिंग नंबर 11 के फ्लैट नंबर 441 का है। यहां रहने वाले गजानन अवचट दुर्ग में रेलवे में लोको पायलट के पद पर कार्यरत हैं। उनकी बेटी अक्षिता अवचट की 20 अक्टूबर 2026 को सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। बताया गया कि वह नवरात्रि के दौरान गरबा कर लौट रही थी, तभी हादसे में उसकी जान चली गई।
बेटी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए सुबह से ही रिश्तेदार, परिवार के सदस्य और आसपास के लोग घर पर जुटे थे। दोपहर करीब 2 बजे परिवार अंतिम संस्कार के लिए शव को रिसाली मुक्तिधाम लेकर गया। इस दौरान घर खाली था। शाम करीब 6 बजे अंतिम संस्कार के बाद परिवार वापस लौटा।
अगले दिन पता चली नकदी और झुमके की चोरी
अंतिम संस्कार के अगले दिन 21 अक्टूबर की सुबह करीब 8 बजे गजानन अवचट को अपनी जेब में रखे पैसे नहीं मिले। इसके बाद उन्होंने घर में सामान की जांच की तो बेटी के बेडरूम में रखी नकदी, पत्नी सुनीता अवचट के पैसे और सोने के पुराने झुमके गायब मिले।
परिवार ने घर में सामान की तलाश की, लेकिन चोरी का पता नहीं चल सका। बेटी की मौत और अंतिम संस्कार से जुड़े कार्यों में व्यस्त होने के कारण गजानन तत्काल पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं करा सके। उन्होंने 26 अक्टूबर को भिलाई नगर थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज से खुला मामला
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से जुड़े सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर संदिग्ध महिला की पहचान की गई, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने महिला के पास से 45 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं।
आरोपित महिला के रेलवे कर्मचारी की पत्नी होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, चोरी उस समय हुई, जब परिवार बेटी के अंतिम संस्कार के लिए घर से बाहर गया था। मामले में आगे की जांच जारी है।

