
मॉर्निंग वॉक पर जाने की बात कहकर घर से निकली थी पूनम अहिरवार, परिजनों ने बताई मिर्गी की बीमारी से पीड़ित होने की जानकारी
भिलाई। छत्तीसगढ़ के भिलाई में बुधवार सुबह पावर हाउस ओवरब्रिज से गिरने के कारण 21 वर्षीय युवती की मौत हो गई। घटना सुबह करीब 8:45 बजे छावनी थाना क्षेत्र में हुई। मृतका की पहचान पूनम अहिरवार, निवासी अटल आवास, शिवाजी नगर खुर्सीपार के रूप में हुई है। युवती की मौत के बाद हादसे और आत्महत्या की आशंका को लेकर पुलिस जांच कर रही है। फिलहाल उसके ओवरब्रिज से गिरने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।
घटना की सूचना मिलने पर छावनी पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को तत्काल शासकीय लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल, सुपेला ले जाया गया। अस्पताल में आवश्यक जांच और प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को मॉर्चुरी में रखवाया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकली थी युवती
परिजनों के मुताबिक, पूनम बुधवार सुबह घर से मॉर्निंग वॉक पर जाने की बात कहकर निकली थी। कुछ समय बाद उन्हें पुलिस के माध्यम से उसकी मौत की सूचना मिली। युवती घर से निकलने के बाद पावर हाउस ओवरब्रिज तक कैसे पहुंची और किन परिस्थितियों में नीचे गिरी, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस घटना से पहले की गतिविधियों और अन्य परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है।
मिर्गी की बीमारी से पीड़ित थी पूनम
परिजनों ने पुलिस को बताया कि पूनम मिर्गी की बीमारी से पीड़ित थी और उसे दौरे पड़ते थे। बीमारी के चलते वह कुछ समय तक अस्पताल में भर्ती भी रही थी। उसका एम्स में भी इलाज चल रहा था। हालांकि, युवती की बीमारी का घटना से कोई संबंध था या नहीं, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
हादसा या आत्महत्या, दोनों पहलुओं पर जांच
छावनी सीएसपी प्रशांत पैकरा के अनुसार, मृतका की पहचान पूनम अहिरवार, पिता हुकुमचंद, उम्र 21 वर्ष, निवासी अटल आवास, शिवाजी नगर खुर्सीपार के रूप में हुई है। मामले में मर्ग कायम कर आगे की जांच की जा रही है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि युवती ने ओवरब्रिज से छलांग लगाई थी या वह किसी अन्य कारण से नीचे गिर गई। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही चल सकेगा।

