शिक्षक प्रतिभा अकादमी का भव्य शपथ ग्रहण सह सम्मान समारोह संपन्न

Spread the love

केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू की गरिमामयी उपस्थिति में प्रदेश के 200 शिक्षक-शिक्षिकाओं का हुआ सम्मान

बिलासपुर। शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं शिक्षक सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से समर्पित पंजीकृत संस्था शिक्षक प्रतिभा अकादमी छत्तीसगढ़ (पंजीयन क्रमांक 122202463055) द्वारा नवनियुक्त प्रदेश कार्यकारिणी का राज्य स्तरीय सदस्यता शपथ ग्रहण सह सम्मान समारोह 31 अक्टूबर 2026 को पंडित देवकीनंदन दीक्षित सभा भवन, बिलासपुर में गरिमामय एवं भव्य वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे लगभग 200 शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं शिक्षाविदों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना, छत्तीसगढ़ राज्यगीत एवं राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू उपस्थित रहे। साथ ही भाजपा मंडल अध्यक्ष देवेंद्र पाठक एवं सेवानिवृत्त केंद्रीय कर्मचारी समाजसेवी तिलक डोरे की गरिमामयी उपस्थिति रही।

मुख्य अतिथि तोखन साहू ने अपने उद्बोधन में शिक्षकों को राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति के माध्यम से शिक्षा को आधुनिक, व्यावहारिक एवं कौशल आधारित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के समर्पण, प्रतिबद्धता एवं शैक्षिक नवाचारों से छत्तीसगढ़ शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों एवं सम्मानित होने वाले शिक्षकों को शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर संस्था के संस्थापक एवं संयोजक भरत कुमार डोरे ने नवनियुक्त प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को संस्था के उद्देश्यों, दायित्वों एवं कर्तव्यों के प्रति निष्ठापूर्वक कार्य करने की सदस्यता शपथ दिलाई। समारोह का प्रमुख आकर्षण प्रदेश के लगभग 200 प्रतिभावान शिक्षक-शिक्षिकाओं का सम्मान रहा। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान, नवाचार एवं उल्लेखनीय सेवाओं के लिए उन्हें प्रमाणपत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर शिक्षक प्रतिभा सम्मान से सम्मानित किया गया।

समारोह में संस्था के प्रांतीय अध्यक्ष सुमित पाण्डेय, उपाध्यक्ष अनकेश्वर महिपाल, महामंत्री एवं कार्यक्रम प्रभारी कलेश्वर साहू, संरक्षक बसंत डोरे, सचिव शिवकुमार बंजारे, कोषाध्यक्ष इंद्राणी डोरे, उपकोषाध्यक्ष कमलेश कुमार लांझे, प्रांतीय प्रवक्ता रघुनंदन गुप्ता, महामंत्री लक्ष्मण बांधेकर, संगठन मंत्री महेंद्र पंत, महासचिव ऋषि पाण्डेय, संयुक्त सचिव शोभाराम बर्मन, महिला प्रकोष्ठ की उपाध्यक्ष अंकिता तिवारी, तकनीकी सहायक मनोज चंद्राकर, आरती ठाकुर एवं राजेश कुमार चंद्रवंशी सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से चयनित पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि तोखन साहू के करकमलों से संस्था की आधिकारिक वेबसाइट का भी शुभारंभ किया गया। वेबसाइट के माध्यम से संस्था की गतिविधियों, शैक्षिक पहलों एवं शिक्षक सशक्तीकरण से जुड़ी जानकारियों को व्यापक स्तर पर उपलब्ध कराने की पहल की गई।

यह समारोह केवल सम्मान एवं शपथ ग्रहण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि प्रदेश की शिक्षक प्रतिभाओं को एक साझा मंच प्रदान करने, शैक्षिक नवाचारों को प्रोत्साहित करने तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के विस्तार के लिए संगठनात्मक एकजुटता का प्रेरणादायी संदेश भी दे गया।

कार्यक्रम के अंत में संस्था के संयोजक भरत कुमार डोरे, प्रांतीय अध्यक्ष सुमित पाण्डेय एवं प्रांतीय प्रवक्ता रघुनंदन गुप्ता ने अतिथियों, सम्मानित शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं उपस्थित सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर भावना बोहरा विधायक 71- पण्डरिया द्वारा शुभकामना संदेश प्रेषित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?