
मेजर ध्यानचंद की जयंती पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित, प्राचार्य ने कहा- खेल से शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक विकास भी होता है
रिसाली/दुर्ग। शासकीय नवीन महाविद्यालय रिसाली, जिला दुर्ग में हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद जी की जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय खेल दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अनुपमा अस्थाना ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ मेजर ध्यानचंद के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के क्रीड़ा विभाग की ओर से विद्यार्थियों के लिए विभिन्न खेल एवं फिटनेस गतिविधियों का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने इन प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और खेल भावना का परिचय दिया।
मेजर ध्यानचंद के जीवन और उपलब्धियों की दी जानकारी
कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. अनुपमा अस्थाना ने छात्र-छात्राओं को मेजर ध्यानचंद के जीवन परिचय एवं उनकी खेल उपलब्धियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मेजर ध्यानचंद ने अपने अद्भुत खेल कौशल के माध्यम से भारत को ओलंपिक में तीन बार स्वर्ण पदक दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और भारतीय हॉकी को विश्व स्तर पर नई पहचान दिलाई।
प्राचार्य ने अपने पुराने खेल जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि पहले खेल दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा हुआ करते थे। हर गली-मोहल्ले और मैदान में खेलों की रौनक दिखाई देती थी। वर्तमान समय में सोशल मीडिया और ऑनलाइन गेमिंग के बढ़ते प्रभाव के कारण युवा वास्तविक एवं मैदानी खेलों से दूर होते जा रहे हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों को खेलों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए ही नहीं, बल्कि मानसिक विकास, अनुशासन, टीम भावना, एकाग्रता और सकारात्मक सोच के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विभिन्न प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाया उत्साह
महाविद्यालय के अतिथि क्रीड़ा अधिकारी श्री दीपक कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल हमारे जीवन में अनुशासन, एकाग्रता और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं। मेजर ध्यानचंद का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके जीवन से विद्यार्थियों को समर्पण, मेहनत और खेल के प्रति प्रतिबद्धता की सीख मिलती है।
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर म्यूजिकल चेयर, मटकी फोड़, रस्साकस्सी, फिटनेस एक्टिविटी और वॉलीबॉल सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने सभी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के विभिन्न विभागों के प्राध्यापक, कर्मचारीगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन क्रीड़ा विभाग द्वारा किया गया। अंत में आभार प्रदर्शन के साथ राष्ट्रीय खेल दिवस कार्यक्रम का समापन हुआ।
