
तीन महीने की गर्भवती पत्नी ने पति और डॉक्टर पर बिना सहमति गर्भपात कराने का लगाया आरोप, सिरगिट्टी थाने में FIR दर्ज
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में गर्भपात से जुड़े दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं। एक मामले में नाबालिग किशोरी का गर्भपात कराने के आरोप में महिला फिजियोथेरेपिस्ट को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वहीं, दूसरे मामले में तीन महीने की गर्भवती महिला ने अपने पति और डॉक्टर पर मिलीभगत कर उसकी सहमति के बिना गर्भपात कराने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति और महिला डॉक्टर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नाबालिग के गर्भपात मामले में महिला डॉक्टर गिरफ्तार
पहला मामला तोरवा थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, गणेश सोनी पर एक नाबालिग किशोरी को शादी का झांसा देकर उसका शोषण करने का आरोप है। इसके बाद आरोपी ने उसलापुर निवासी महिला फिजियोथेरेपिस्ट सुब्धा मसीह (43) की मदद से किशोरी का गर्भपात कराया। जांच के दौरान पुलिस ने पहले गणेश सोनी को गिरफ्तार किया था।
पूछताछ में मिली जानकारी और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने महिला फिजियोथेरेपिस्ट को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि डॉक्टर को किशोरी के नाबालिग होने की जानकारी थी, इसके बावजूद आवश्यक सरकारी अनुमति के बिना गर्भपात कराया गया। पुलिस के मुताबिक, गर्भपात के बाद भ्रूण को नदी में फेंक दिया गया था। इस मामले में आगे की जांच जारी है।
तलाक में बच्चा बाधा न बने, इसलिए गर्भपात कराने का आरोप
दूसरा मामला सिरगिट्टी थाना क्षेत्र का है। कोरबा जिले की रहने वाली 24 वर्षीय आकांक्षा की शादी 26 अप्रैल 2026 को सुयश अग्रवाल से हुई थी। महिला ने 14 नवंबर को अपनी मां और अन्य परिजनों के साथ सिरगिट्टी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत में महिला ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही उसका पति उसके साथ विवाद करता था और तलाक लेना चाहता था। इसी बीच वह तीन महीने की गर्भवती हो गई। महिला का आरोप है कि पति को आशंका थी कि बच्चे के जन्म के बाद तलाक लेने में परेशानी हो सकती है। इसी कारण उसने डॉक्टर के साथ मिलकर उसकी मर्जी के खिलाफ गर्भपात कराने की योजना बनाई।
जांच के बहाने अस्पताल ले जाने और बेहोशी का इंजेक्शन देने का आरोप
आकांक्षा के अनुसार, 13 नवंबर को उसका पति गर्भावस्था की जांच कराने के बहाने उसे बिलासपुर स्थित मल्टी स्पेशलिटी एंड वूमेन केयर क्लीनिक नर्सिंग होम (जेपी हॉस्पिटल) ले गया। वहां उसे भर्ती कराया गया। महिला ने आरोप लगाया कि उसे बातचीत में उलझाकर बेहोशी का इंजेक्शन दिया गया और बेहोशी की हालत में कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराए गए। इसके बाद उसकी सहमति के बिना गर्भपात कर दिया गया।
महिला के मुताबिक, होश आने पर पति ने बताया कि बच्चे की हार्टबीट कम थी। उसने पति सुयश अग्रवाल और डॉक्टर उज्ज्वला कराडे पर मिलीभगत कर उसकी इच्छा के विरुद्ध गर्भपात कराने का आरोप लगाया है।
अपोलो अस्पताल में इलाज के बाद जेपी अस्पताल ले जाने की बात
शिकायत में महिला ने यह भी बताया है कि गर्भपात से पहले उसे अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसका उपचार चल रहा था। आरोप है कि पति वहीं गर्भपात कराने की तैयारी कर रहा था, लेकिन बात नहीं बनी। इसके बाद उसे जेपी अस्पताल ले जाया गया, जहां गर्भपात कराया गया। पुलिस अब अपोलो अस्पताल में हुए उपचार, वहां से दूसरे अस्पताल ले जाने और इस पूरे घटनाक्रम में संबंधित लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
पति और डॉक्टर के खिलाफ FIR दर्ज
14 नवंबर को आकांक्षा अपनी मां संजू अग्रवाल, भाई अमन अग्रवाल, मयंक अग्रवाल और भाभी रेनू अग्रवाल के साथ सिरगिट्टी थाने पहुंची और लिखित शिकायत दी। पुलिस ने पति सुयश अग्रवाल और डॉक्टर उज्ज्वला कराडे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 89 और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है।
फिलहाल पुलिस दोनों मामलों में अलग-अलग जांच कर रही है। तोरवा मामले में महिला फिजियोथेरेपिस्ट की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि सिरगिट्टी मामले में पति और डॉक्टर के खिलाफ FIR दर्ज कर मेडिकल दस्तावेजों, उपचार की परिस्थितियों और गर्भपात में उनकी भूमिका की पड़ताल की जा रही है। दोनों मामलों में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

