
साइंस कॉलेज दुर्ग में जनजातीय समाज के इतिहास, सांस्कृतिक विरासत एवं उपलब्धियों पर कार्यशाला आयोजित; प्रतियोगिताओं और जनजातीय नृत्य ने मोहा मन
दुर्ग । देश के उत्थान में जनजातीय समाज का विशेष महत्व है। आमतौर पर हम सभी 1857 के स्वतंत्रता संग्राम को प्रथम मानते हैं, परंतु इससे पूर्व जनजातीय समाज द्वारा अंग्रेजों के खिलाफ विद्रोह किया जा चुका था, परंतु इसका उल्लेख इतिहास में नहीं मिलता। यही वजह है कि हमारी युवा पीढ़ी जनजातीय योगदान एवं उसके महत्व से अपरिचित है। हम अपने अतीत को नहीं जानते। ये उद्गार प्रसिद्ध विचारक एवं सेवानिवृत्त प्राध्यापक डॉ. टोपलाल वर्मा ने आज शासकीय विश्वनाथ यादव तामस्कर स्नातकोत्तर स्वशासी महाविद्यालय, दुर्ग के राधाकृष्णन सभागार में आयोजित जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, सांस्कृतिक विरासत एवं उपलब्धियों पर आधारित कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में व्यक्त किए।
डॉ. वर्मा ने कहा कि भारत सरकार द्वारा भगवान बिरसा मुंडा के जन्म दिवस को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय स्वागत योग्य है। बिरसा मुंडा ने मात्र 20 वर्ष की आयु में अंग्रेजों के अत्याचार एवं उनके द्वारा निवासियों के शोषण के प्रति जनजातियों को एकत्रित कर विद्रोह किया था। बिरसा मुंडा ने अल्प आयु में ही क्रांति की मशाल जलाई। हमारा देश, हमारा राज्य की परिकल्पना बिरसा मुंडा द्वारा ही दी गई। उन्हें जनजातीय समाज धरती आबा अर्थात् धरती के पिता के रूप में पूजनीय मानता है।
माता सरस्वती की पूजा, राष्ट्रगीत वंदे मातरम् तथा राज्यगीत अरपा पैरी के धार के साथ आरंभ हुए कार्यक्रम में संचालक डॉ. ज्योति धारकर एवं डॉ. अम्बरीश त्रिपाठी ने जनजातीय समाज एवं गौरव दिवस की प्रासंगिकता पर विस्तार से प्रकाश डाला। अतिथियों का स्वागत करने वालों में प्राचार्य डॉ. अजय कुमार सिंह, कार्यशाला की संयोजक डॉ. दिव्या कुमुदिनी मिंज तथा डॉ. जी.एस. ठाकुर, डॉ. एस.डी. देशमुख, डॉ. अभिनेष सुराना आदि शामिल थे।
कार्यशाला की संयोजक डॉ. दिव्या कुमुदिनी मिंज तथा सह-संयोजक डॉ. जी.एस. ठाकुर ने संयुक्त रूप से जानकारी दी कि आज की कार्यशाला के मुख्य अतिथि डॉ. एन.पी. दीक्षित ने उपस्थित युवाओं से आग्रह किया कि वे भारत के वास्तविक एवं सही इतिहास को जानने का प्रयास करें। आजकल के युवा अपना अधिकांश समय मोबाइल में बिताते हैं। यदि इसी मोबाइल का उपयोग भारत के गौरवशाली इतिहास को जानने में किया जाए तो युवा पीढ़ी को भारतीय जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास के बारे में जानकारी प्राप्त होगी।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित वनवासी कल्याण आश्रम के श्री संतोष परांजपे ने अपने संबोधन में कहा कि हमें केवल एक दिन अथवा किसी कार्यक्रम में ही जनजातीय समाज का सम्मान न करते हुए पूरे वर्ष भर जनजातीय समाज के योगदान को रेखांकित करते हुए उनका सम्मान करना चाहिए। आज जनजातीय एवं गैर-जनजातीय लोगों के मध्य दूरी को समाप्त करने की आवश्यकता है।
अपने स्वागत भाषण में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार सिंह ने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा में जल, जंगल, जमीन अर्थात् प्रकृति के तत्वों की आराधना एवं संरक्षण का उल्लेख है। हमारे जनजातीय समाज ने पूर्ण रूप से प्रकृति के संरक्षण का कार्य किया है। हमें आधुनिकता की दौड़ में न रहते हुए अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहना चाहिए। इस अवसर पर स्वामी तकनीकी विश्वविद्यालय, भिलाई के कुलसचिव डॉ. राजेश लालवानी भी उपस्थित थे।
आज की कार्यशाला के दौरान साइंस कॉलेज, दुर्ग के एन.एस.एस. के विद्यार्थियों द्वारा जनजातीय नृत्य प्रस्तुत किए गए, जिसकी सभी दर्शकों ने सराहना की। एन.एस.एस. की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मीना मान ने जनजातीय नृत्य प्रतियोगिता की तीन प्रतिभागी टीमों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए 1000-1000 रुपये की नकद राशि प्रदान की।
जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित रंगोली प्रतियोगिता में एम.एससी. तृतीय सेमेस्टर की कुसुम तृतीय, बी.एससी. प्रथम वर्ष की रंजीता द्वितीय तथा बी.ए. प्रथम वर्ष के जीत साहू प्रथम रहे। निबंध प्रतियोगिता में एम.एससी. तृतीय की मौसमी जांगड़ प्रथम, बी.एससी. तृतीय सेमेस्टर की मौसमी साहू द्वितीय तथा बी.एससी. पंचम सेमेस्टर के धनेश कुमार प्रथम रहे। जनजातीय नृत्य प्रतियोगिता में हर्ष रजक एवं साथी प्रथम तथा नकुल साहू एवं सागर बंजारे तथा साथी द्वितीय रहे। क्विज प्रतियोगिता में प्रीति दबाड़ा एवं हीना साहू प्रथम, कु. सानिया खान द्वितीय तथा मुस्कान साहू तृतीय रहे। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन कार्यशाला की संयोजक डॉ. दिव्या कुमुदिनी मिंज ने दिया।
कार्यशाला के दौरान शहर के गणमान्य नागरिकों के साथ-साथ वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. अभिनेष सुराना, डॉ. जगजीत कौर सलूजा, डॉ. प्रज्ञा कुलकर्णी, डॉ. सुनीता बी. मैथ्यू, डॉ. राकेश तिवारी, डॉ. राकेश रंजन सिंह, डॉ. मीना मान, डॉ. एस.डी. देशमुख, डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव, डॉ. प्रीति तन्ना टांक, डॉ. लाली शर्मा, डॉ. अभिषेक मिश्रा, डॉ. तरुण साहू, डॉ. प्रशांत दुबे, डॉ. लक्ष्मेन्द्र कुलदीप, डॉ. जनेन्द्र दीवान, डॉ. सीमा पंजवानी, डॉ. मर्ती जॉर्ज, डॉ. प्राची सिंह, डॉ. रेखा गुप्ता, डॉ. नीतू दास, डॉ. अलका मिश्रा, डॉ. अजय पिल्लई, डॉ. तरलोचन कौर संधू, डॉ. सतीष सेन, डॉ. श्रीराम कुंजाम, डॉ. मोतीराम साहू, डॉ. अम्बरीश त्रिपाठी, डॉ. के. पद्मावती, डॉ. गोविन्द प्रसाद गुप्ता, डॉ. रश्मि गौर, डॉ. राजेश्वरी आदि उपस्थित थे।

