शासकीय शिवनाथ साइंस कॉलेज राजनांदगांव में 100 पौधों का वृक्षारोपण

Spread the love

राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश, प्राचार्य ने वृक्षों को बताया 21वीं सदी का महानायक

राजनांदगांव | 4 अगस्त 2026

शासकीय शिवनाथ साइंस कॉलेज, राजनांदगांव में राष्ट्रीय सेवा योजना (रासेयो) इकाई के तत्वावधान में महाविद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के 100 पौधों का वृक्षारोपण किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. निर्मला उमरे के मार्गदर्शन एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. एस.आर. कन्नौजे के निर्देशन में संपन्न हुआ।

इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. निर्मला उमरे ने पर्यावरण संरक्षण में वृक्षों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “वृक्ष 21वीं सदी के महानायक हैं।” उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करना और लगाए गए पौधों का संरक्षण करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम में स्वयंसेवक लक्ष्मी, हर्षिता एवं लक्ष्य धर्मी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सहभागिता निभाई।

वृक्षारोपण कार्यक्रम में जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष श्री रवि सिन्हा, समिति के सदस्यगण तथा महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं समस्त स्टाफ की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा हरित परिसर के निर्माण को बढ़ावा देना था। सभी उपस्थितजनों ने पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प लेकर कार्यक्रम का समापन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?