स्वामी आत्मानंद शासकीय आदर्श महाविद्यालय में एआई और तकनीक के बदलते दौर पर ऑनलाइन टेड टॉक आयोजित

Spread the love

विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को दिए करियर निर्माण और आधुनिक तकनीकी कौशल विकसित करने के टिप्स

दुर्ग। स्वामी आत्मानंद शासकीय आदर्श महाविद्यालय, धनोरा में कंप्यूटर साइंस विभाग के तत्वावधान में प्राचार्य श्री विकास पंचाक्षरी के मार्गदर्शन एवं विभागाध्यक्ष श्री विश्वनाथ ताम्रकार के नेतृत्व में “TED Talk on Current Trends, Technology and Career Challenges” विषय पर ऑनलाइन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें आईटी एवं तकनीकी क्षेत्र के विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), ऑटोमेशन, प्रोग्रामिंग तथा भविष्य में करियर की संभावनाओं के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में फ्रीलांसर एवं आईटी प्रोफेशनल श्री वागीश द्विवेदी तथा Resilience Soft के सह-संस्थापक श्री पंकज मिश्रा शामिल हुए।

श्री वागीश द्विवेदी ने विद्यार्थियों को ऑब्जेक्ट ओरिएंटेड प्रोग्रामिंग (OOP) और डेटा स्ट्रक्चर की मजबूत समझ विकसित करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को प्रोग्रामिंग की बुनियादी अवधारणाओं पर अपनी पकड़ मजबूत रखनी चाहिए। एआई टूल्स की सहायता से सीखने और Claude Certified Architect जैसे पाठ्यक्रमों के माध्यम से तकनीकी ज्ञान एवं करियर के नए अवसर प्राप्त किए जा सकते हैं। उन्होंने बताया कि प्रोग्रामिंग में एआई का उपयोग करना उपयोगी है, लेकिन एआई से प्राप्त आउटपुट का परीक्षण और उसकी शुद्धता की जांच करना भी आना चाहिए। इसके लिए प्रोग्रामिंग पर स्वयं का कमांड होना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उनके प्रश्नों के उत्तर भी दिए।

दूसरे मुख्य वक्ता श्री पंकज मिश्रा ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और ऑटोमेशन के बढ़ते प्रभाव पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि उनकी कंपनी में भी साक्षात्कार की प्रक्रिया में एआई का उपयोग किया जाता है। उन्होंने कहा कि एआई के दौर में तकनीक के साथ स्वयं को अपडेट नहीं करने वाले लोगों के लिए रोजगार की चुनौतियां बढ़ सकती हैं, जबकि एआई टूल्स का प्रभावी उपयोग सीखने वाले युवाओं के लिए रोजगार और करियर के नए अवसर खुल रहे हैं।

उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि एआई टूल्स की मदद से एक महीने में पूरा होने वाले कार्य को पांच दिनों में पूरा किया जा सकता है, जिससे कंपनियों की कार्यक्षमता और उत्पादकता में वृद्धि हो रही है। उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे स्वयं को केवल ChatGPT और Gemini तक सीमित न रखें, बल्कि विभिन्न नए एआई टूल्स की जानकारी प्राप्त करें और उनमें विशेषज्ञता विकसित करें।

कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं धन्यवाद ज्ञापन कंप्यूटर साइंस विभागाध्यक्ष श्री विश्वनाथ ताम्रकार ने किया। कार्यक्रम की सह-संयोजक सुश्री अतिथि सिंह एवं श्रीमती रीतिका अवस्थी रहीं। तकनीकी सहयोग श्री विश्वास टोप्पो द्वारा प्रदान किया गया।

इस अवसर पर डॉ. हेमा कुलकर्णी, डॉ. स्वाति तिवारी, श्रीमती कल्पना पाण्डेय शुक्ला सहित महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं ऑनलाइन कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?