वैशाली नगर महाविद्यालय में उद्यमिता प्रोत्साहन कार्यक्रम आयोजित

Spread the love

स्वावलंबन केंद्र के माध्यम से विद्यार्थियों को आत्मनिर्भरता, नवाचार और स्वरोजगार के लिए किया प्रेरित

भिलाई। इंदिरा गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, वैशाली नगर भिलाई में स्वावलंबन केंद्र के अंतर्गत उद्यमिता प्रोत्साहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में उद्यमशीलता, नवाचार, कौशल विकास और स्वरोजगार के प्रति जागरूकता एवं रुचि विकसित करना रहा।

मार्च 2026 में स्वावलंबी भारत अभियान तथा छत्तीसगढ़ शासन के राष्ट्रीय सेवा योजना के मध्य हुए एमओयू के तहत राज्य के चयनित महाविद्यालयों में स्वावलंबन केंद्र स्थापित किए जाने थे। इसी क्रम में इंदिरा गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय वैशाली नगर भिलाई में भी स्वावलंबन केंद्र की स्थापना की गई है। इसी व्यवस्था के तहत महाविद्यालय में उद्यमिता प्रोत्साहन कार्यक्रम आयोजित किया गया और विद्यार्थियों को जोड़कर टीम-11 का गठन भी किया गया।

महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अलका मेश्राम ने स्वागत भाषण में कहा कि इस तरह के कार्यक्रम विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर, आत्मविश्वासी और उद्यमशील बनने की दिशा में प्रेरित करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से कार्यक्रम में मिली जानकारी को अपने कौशल विकास और भविष्य के रोजगार अवसरों से जोड़ने का आह्वान किया।

मुख्य वक्ता छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स के प्रदेश महामंत्री अजय भसीन ने कहा कि वर्तमान समय में केवल डिग्री हासिल करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि किसी विचार को व्यवसाय में बदलने की क्षमता और नए कौशल विकसित करना भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों को उद्यमिता के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों को पहचानने और उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

वक्ता गुरुप्रसाद ने अपने व्यक्तिगत जीवन के अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को उद्यमिता के लिए प्रोत्साहित किया। वहीं स्वावलंबन केंद्र के प्रशिक्षक सुमन चक्रवर्ती ने विद्यार्थियों को टीम-11 का हिस्सा बनकर उद्यमिता संबंधी जागरूकता बढ़ाने और अन्य विद्यार्थियों को भी इससे जोड़ने के लिए प्रेरित किया।

चैंबर ऑफ कॉमर्स भिलाई के सदस्य सुनील मिश्रा ने विद्यार्थियों को नवाचार और स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि नए विचारों और स्थानीय स्तर पर उपलब्ध अवसरों को पहचानकर युवा अपने लिए रोजगार के साथ-साथ दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर तैयार कर सकते हैं।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. अमृतेष शुक्ला ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. नमिता गुहा राय ने दिया। इस अवसर पर वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. कैलाश शर्मा, स्वावलंबन केंद्र प्रभारी प्रो. सुरेश ठाकुर, ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट सेल प्रभारी डॉ. अजय मनहर, सदस्य प्रो. अत्रिका कोमा, डॉ. संतोष अग्रवाल, डॉ. दीपक कश्यप, डॉ. खेमराज चंद्राकर, डॉ. रमा बनर्जी सहित महाविद्यालय के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?