उच्च शिक्षा विभाग ने जारी किया पदस्थापना आदेश, 29 सितंबर से प्रभावी होगी नई जिम्मेदारी
दुर्ग। छत्तीसगढ़ शासन के उच्च शिक्षा विभाग ने हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग के कुलसचिव पद को लेकर महत्वपूर्ण प्रशासनिक बदलाव किया है। शासन की ओर से 29 सितंबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार शासकीय वी. वाय. टी. महाविद्यालय दुर्ग में इतिहास के प्राध्यापक डॉ. अनिल कुमार पांडेय को हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग का प्रभारी कुलसचिव नियुक्त किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार डॉ. अनिल कुमार पांडेय की वर्तमान पदस्थापना शासकीय वी. वाय. टी. महाविद्यालय दुर्ग में प्राध्यापक, इतिहास के रूप में है। अब उन्हें हेमचंद यादव विश्वविद्यालय के प्रभारी कुलसचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं, विश्वविद्यालय के वर्तमान कुलसचिव श्री भूपेन्द्र कुलदीप को उच्च शिक्षा संचालनालय, इंद्रावती भवन, नवा रायपुर में पदस्थ किया गया है। इस तरह विश्वविद्यालय के प्रशासनिक ढांचे में एक साथ दो महत्वपूर्ण पदस्थापनाएं की गई हैं।
छत्तीसगढ़ शासन के उच्च शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि उक्त पदस्थापना आदेश पर समन्वय में अनुमोदन प्राप्त है। आदेश राज्यपाल के नाम से तथा उनके आदेशानुसार उच्च शिक्षा विभाग की अवर सचिव फबिओला बड़ा के डिजिटल हस्ताक्षर से जारी किया गया है।
यह प्रशासनिक बदलाव ऐसे समय हुआ है जब हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग में शैक्षणिक और प्रशासनिक गतिविधियों को लेकर लगातार विस्तार हो रहा है। नए प्रभारी कुलसचिव के रूप में डॉ. अनिल कुमार पांडेय के सामने विश्वविद्यालय की प्रशासनिक व्यवस्थाओं के संचालन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी।

