
प्राचार्य डॉ. अजय सिंह ने गेड़ी चढ़कर किया शुभारंभ, विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ लिया प्रतियोगिताओं में हिस्सा
दुर्ग। शासकीय विश्वनाथ यादव तामस्कर स्वशासी महाविद्यालय, दुर्ग में छत्तीसगढ़ के पारंपरिक एवं लोकपर्व हरेली का आयोजन हर्षोल्लास और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के स्पर्श पर्यावरण मित्र क्लब के तत्वावधान में किया गया, जिसमें महाविद्यालय के प्राध्यापकों सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय सिंह ने पारंपरिक रूप से गेड़ी चढ़कर किया। इस अवसर पर उन्होंने हरेली पर्व के सांस्कृतिक, सामाजिक एवं पर्यावरणीय महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक परंपराओं से जुड़ने तथा प्रकृति और पर्यावरण के संरक्षण के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।
हरेली पर्व के अवसर पर महाविद्यालय परिसर में विभिन्न पारंपरिक खेल एवं प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें गेड़ी दौड़, जलेबी दौड़, पिठ्ठूल और सुरीली कुर्सी दौड़ प्रमुख रहीं। विद्यार्थियों एवं महाविद्यालयीन सदस्यों ने इन प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पारंपरिक खेलों के दौरान परिसर में उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा।
आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ उनमें सामुदायिक सहभागिता, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, सहयोग और पर्यावरण संरक्षण की भावना विकसित करना रहा। हरेली पर्व के आयोजन से महाविद्यालय परिसर में छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति और परंपरा का जीवंत स्वरूप देखने को मिला।
स्पर्श पर्यावरण मित्र क्लब की ओर से आयोजित यह कार्यक्रम विद्यार्थियों को अपनी जड़ों और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने तथा प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल साबित हुआ।


