सेंट जेवियर स्कूल दुष्कर्म मामले में फूटा जनाक्रोश, सर्वसेन समाज ने किया कलेक्ट्रेट का घेराव

Spread the love

दुष्कर्मी को फांसी देने की मांग, 10 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी

बिलासपुर। सिरगिट्टी स्थित सेंट जेवियर स्कूल में एक नाबालिग छात्रा के साथ कथित दुष्कर्म और लंबे समय तक शोषण के मामले को लेकर जनाक्रोश बढ़ता जा रहा है। मामले में सर्वसेन समाज छत्तीसगढ़ के नेतृत्व में गुरुवार को बड़ी संख्या में लोगों ने बिलासपुर कलेक्ट्रेट का घेराव कर राष्ट्रपति और राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।

सर्वसेन समाज के प्रांत अध्यक्ष त्रिलोक चंद्र श्रीवास के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में समाज के पदाधिकारियों, विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं सर्व समाज के लोगों ने भाग लिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि स्कूल के एक शिक्षक द्वारा नाबालिग छात्रा का लंबे समय तक शोषण किया गया तथा अन्य शिक्षकों को इसकी जानकारी होने के बावजूद उचित कार्रवाई नहीं की गई।

ज्ञापन के माध्यम से प्रदर्शनकारियों ने आरोपी शिक्षक को कठोरतम दंड देते हुए फांसी की सजा देने, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, घटना से जुड़े अन्य दोषी शिक्षकों एवं जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा सेंट जेवियर स्कूल के संचालन पर रोक लगाने की मांग की।

इस अवसर पर त्रिलोक चंद्र श्रीवास ने कहा कि यदि संबंधित संस्थान और अन्य दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष जांच कर आगामी 10 दिनों के भीतर ठोस कार्रवाई नहीं की जाती है, तो सर्वसेन समाज पूरे प्रदेश में व्यापक जन आंदोलन शुरू करेगा।

प्रदर्शन में जिले एवं संभाग के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिला-पुरुष शामिल हुए। इस दौरान कांग्रेस नेता महेश दुबे, संभागीय अध्यक्ष सुरेंद्र श्रीवास, चंद्रमणि श्रीवास, संतोष श्रीवास, सुमित श्रीवास, बसंत श्रीवास, प्रदेश महासचिव राजू श्रीवास, डॉ. राजीव श्रीवास सहित समाज के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

मौके पर मौजूद बिलासपुर के प्रभारी कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को आवश्यक जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

मामले को लेकर क्षेत्र में लगातार आक्रोश बना हुआ है और लोगों की नजर अब प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?