
रिसाली, 15 मई 2026। शासकीय नवीन महाविद्यालय रिसाली में 14 मई 2026 को आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (आई.क्यू.ए.सी.) की बैठक एवं महाविद्यालयीन पत्रिका “प्रसून मंजरी” के द्वितीय संस्करण के विमोचन कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम में शिक्षाविदों, पत्रकारों एवं महाविद्यालय परिवार की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. राजेश पांडे रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य एवं क्षेत्रीय अपर संचालक, दुर्ग डॉ. अनुपमा अस्थाना ने की। विशिष्ट अतिथियों में डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव, वरिष्ठ पत्रकार संजय पाठक, सुरेंद्र शर्मा एवं भावना जैन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ आई.क्यू.ए.सी. के वार्षिक प्रतिवेदन के वाचन से हुआ, जिसे आई.क्यू.ए.सी. सेल की संयोजक डॉ. नागरत्ना गनवीर ने प्रस्तुत किया। इसके पश्चात डॉ. ऋतु श्रीवास्तव ने पीपीटी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से महाविद्यालय की वर्षभर की शैक्षणिक, सहशैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया।
अपने स्वागत उद्बोधन में प्राचार्य डॉ. अनुपमा अस्थाना ने महाविद्यालय की उपलब्धियों एवं नवाचारपूर्ण प्रयासों पर प्रकाश डालते हुए सभी अतिथियों का अभिनंदन किया। मुख्य अतिथि डॉ. राजेश पांडे ने महाविद्यालय की वर्षभर की गतिविधियों की सराहना करते हुए वर्ष 2026-27 के प्रस्तावित एजेंडे की प्रशंसा की। वहीं डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव ने नैक एवं राष्ट्रीय शिक्षा नीति से संबंधित आवश्यक गतिविधियों की जानकारी साझा की।
वरिष्ठ पत्रकार संजय पाठक ने भारतीय ज्ञान परंपरा को अपनाने पर बल दिया, जबकि सुरेंद्र शर्मा ने महाविद्यालय की स्थापना से लेकर अब तक की निरंतर प्रगति की सराहना करते हुए प्राचार्य एवं पूरे महाविद्यालय परिवार को शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर महाविद्यालयीन पत्रिका “प्रसून मंजरी” के द्वितीय अंक का विधिवत विमोचन किया गया। उल्लेखनीय है कि महाविद्यालय द्वारा विद्यार्थियों एवं प्राध्यापकों की साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक अभिव्यक्तियों को मंच प्रदान करने हेतु “प्रसून मंजरी” तथा “महाविद्यालय समाचार” पत्रिकाओं का नियमित संपादन एवं प्रकाशन किया जा रहा है।
अतिथियों ने पत्रिका के उत्कृष्ट संपादन, आकर्षक प्रस्तुतीकरण एवं साहित्यिक गुणवत्ता की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने का प्रभावी माध्यम बताया। प्राचार्य डॉ. अनुपमा अस्थाना ने पत्रिका की संपादक डॉ. पूजा पाण्डेय एवं समस्त संपादकीय टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रदान कीं।
कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. नागरत्ना गनवीर द्वारा किया गया, जबकि आभार प्रदर्शन डॉ. ममता ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण, कर्मचारीगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

