
गरियाबंद, छत्तीसगढ़, 15 मई 2026। छत्तीसगढ़ शासन के कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग के निर्देशानुसार जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, गरियाबंद द्वारा 19 मई 2026 को रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इस रोजगार मेले में निजी कंपनियों द्वारा कुल 75 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी।
जानकारी के अनुसार रोजगार मेला जिला रोजगार कार्यालय परिसर में सुबह 10 बजे से शाम 3 बजे तक आयोजित होगा। मेले में स्वतंत्र माइक्रो फायनेंस प्राइवेट लिमिटेड तथा एन.आई.आई.टी. प्राइवेट लिमिटेड द्वारा फील्ड ऑफिसर, कलेक्शन ऑफिसर एवं असिस्टेंट मैनेजर (ट्रेनी) के पदों पर भर्ती की जाएगी।
इन पदों के लिए न्यूनतम 10वीं, 12वीं एवं स्नातक उत्तीर्ण अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। इच्छुक उम्मीदवारों को अपने साथ दो पासपोर्ट साइज फोटो, शैक्षणिक एवं तकनीकी योग्यता संबंधी अंकसूची तथा प्रमाण पत्रों की मूल प्रति एवं छायाप्रति लेकर निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित होना होगा।
रोजगार मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों का ई-रोजगार पोर्टल अथवा छत्तीसगढ़ रोजगार ऐप के माध्यम से ऑनलाइन पंजीयन कराना अनिवार्य रहेगा। जिला रोजगार कार्यालय द्वारा युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में रोजगार मेले में शामिल होकर अवसर का लाभ उठाने की अपील की गई है।
रोजगार मेले से संबंधित अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, गरियाबंद के दूरभाष क्रमांक 07706-241269 एवं मोबाइल नंबर 93295-59607 पर संपर्क किया जा सकता है।

