
रायपुर। राजधानी रायपुर के एक प्रतिष्ठित फाइव स्टार होटल में ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शातिर ठग ने खुद को होटल का मेहमान बताकर तीन दिनों तक ठहराव किया, महंगे भोजन और अन्य सुविधाओं का लाभ उठाया तथा बाद में ऑफिस के जरूरी काम का बहाना बनाकर होटल का लैपटॉप लेकर फरार हो गया। घटना के बाद तेलीबांधा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश तेज कर दी है।
तीन दिन तक उठाया होटल की सुविधाओं का लाभ
जानकारी के अनुसार आरोपी होटल हयात में मेहमान बनकर रुका था। इस दौरान उसने होटल की सभी सुविधाओं का उपयोग किया, पार्टी की और महंगे भोजन का आनंद लिया। तीन दिन बाद उसने कार्यालय के जरूरी काम का हवाला देकर होटल प्रबंधन से लैपटॉप लिया और वापस नहीं लौटा। जब होटल प्रबंधन ने उससे संपर्क करने की कोशिश की तो उसका मोबाइल फोन बंद मिला।
तमिलनाडु का रहने वाला है आरोपी
पुलिस जांच में आरोपी की पहचान 61 वर्षीय भीमसेन जॉन के रूप में हुई है, जो तमिलनाडु का निवासी बताया जा रहा है। उसके खिलाफ तेलीबांधा थाना में धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया गया है।
कई राज्यों के फाइव स्टार होटलों को बना चुका है निशाना
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी देश के कई बड़े शहरों के फाइव स्टार होटलों में इसी तरह की वारदातों को अंजाम दे चुका है। मुंबई, दिल्ली, पुणे और हैदराबाद सहित कई शहरों के होटलों में उसके खिलाफ ठगी के आरोप सामने आए हैं।
पुराने रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस
रायपुर पुलिस आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य राज्यों में दर्ज मामलों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही उसके संभावित ठिकानों का पता लगाने के लिए विभिन्न एजेंसियों से समन्वय कर जांच तेज कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
