किसानों ने शक्कर कारखाने के सामने खोला मोर्चा: ट्रैक्टरों के साथ अनिश्चितकालीन धरना शुरू, चार सूत्रीय मांगों पर अड़े

Spread the love

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में गन्ना किसानों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर बड़ा आंदोलन शुरू कर दिया है। भारतीय किसान संघ और समृद्ध किसान संघ के संयुक्त बैनर तले किसान कवर्धा–बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-130 स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल सहकारी शक्कर कारखाना के सामने ट्रैक्टरों के साथ पहुंचे और बीच सड़क पर तंबू लगाकर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए।

आंदोलन के मद्देनजर प्रशासन ने एहतियात के तौर पर धरना स्थल पर भारी पुलिस बल तैनात किया है। किसानों ने ट्रैक्टर रैली निकालकर विरोध दर्ज कराने की भी तैयारी की है।

किसानों की प्रमुख मांगें

  • शक्कर कारखाने द्वारा गन्ना किसानों का 30 करोड़ रुपये से अधिक का बकाया भुगतान तत्काल किया जाए।
  • गन्ना किसानों को योजना के तहत निर्धारित लाभ राशि उपलब्ध कराई जाए।
  • जिले में खाद एवं यूरिया की कमी को तुरंत दूर किया जाए।
  • सभी किसानों को बुआई के लिए समय पर पर्याप्त एवं उन्नत गुणवत्ता के बीज उपलब्ध कराए जाएं।

भारतीय किसान संघ के जिला अध्यक्ष डोमन चंद्रवंशी ने कहा कि किसानों की लंबे समय से लंबित मांगों पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक सभी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा और किसान धरना स्थल से नहीं हटेंगे।

फिलहाल आंदोलन शांतिपूर्ण ढंग से जारी है, लेकिन प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। किसानों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?