
बिजली-पानी बंद होने के बावजूद सेंटर में मौजूद मिलीं युवतियां, पुलिस ने की पूछताछ
भिलाई में पुलिस ने स्पा सेंटरों में चल रही गतिविधियों की जांच के तहत सूर्या मॉल स्थित एक स्पा सेंटर पर औचक छापेमारी की। एएसपी शोभराज अग्रवाल की टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस जांच के दौरान मॉल की दूसरी मंजिल पर संचालित स्पा सेंटर के अंदर कई युवतियां मौजूद मिलीं।
पुलिस के मुताबिक, मौके पर मौजूद करीब 7 से 8 युवतियों से पूछताछ की गई। जांच के बाद उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए बाउंड ओवर यानी मुचलका पाबंद किया गया।
बिजली-पानी कनेक्शन कटने के बाद भी सेंटर में गतिविधियां
बताया गया कि मॉल प्रबंधन की ओर से संबंधित स्पा सेंटर का बिजली और पानी का कनेक्शन काट दिया गया था। इसके बावजूद सेंटर के भीतर युवतियां मौजूद मिलीं। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर सेंटर की स्थिति और वहां मौजूद लोगों के बारे में जानकारी जुटाई।
अनैतिक देह व्यापार की पुष्टि नहीं
पुलिस की जांच के दौरान मौके से अनैतिक देह व्यापार से जुड़ी कोई पुष्टि नहीं हुई। हालांकि, सेंटर में मौजूद युवतियों के खिलाफ पुलिस ने एहतियातन प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की और उन्हें बाउंड ओवर किया।
संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की नजर
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि शहर में संचालित स्पा सेंटरों और अन्य संस्थानों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। किसी भी स्थान पर संदिग्ध या अवैध गतिविधि सामने आने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने स्पा सेंटर संचालकों को नियमों का पालन करने और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि से दूर रहने की हिदायत दी है।



