
तखतपुर क्षेत्र के बीजा गांव से पकड़ा गया आरोपी, पूछताछ में अन्य स्थानों से चोरी की बात कबूली
मुंगेली जिले की लोरमी पुलिस ने साइकिल चोरी के मामले का खुलासा करते हुए 52 वर्षीय आरोपी रमेश कुमार खुंटे को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे और उसकी निशानदेही पर चोरी की सात साइकिलें बरामद की हैं। पूछताछ में आरोपी ने लोरमी के अलावा अन्य स्थानों से भी साइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की है।
पुलिस के मुताबिक, साइकिल चोरी के मामले की जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी तखतपुर क्षेत्र के बीजा गांव में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर रमेश कुमार खुंटे को हिरासत में लिया।
आरोपी की निशानदेही पर सात साइकिलें बरामद
पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से चोरी की गई कुल सात साइकिलें बरामद कीं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने किन-किन जगहों से साइकिल चोरी की और इन घटनाओं में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।
न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
लोरमी थाने में मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी रमेश कुमार खुंटे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
