₹200 करोड़ की ठगी मामले में नोरा फतेही को समन, 2 नवंबर को कोर्ट में दर्ज कराना होगा बयान

Spread the love

सुकेश चंद्रशेखर से महंगे उपहार मिलने के मामले में सरकारी गवाह के तौर पर बुलाया गया, राउज एवेन्यू कोर्ट ने जारी किया निर्देश

नई दिल्ली। करीब 200 करोड़ रुपये की ठगी और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामले में अभिनेत्री नोरा फतेही को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने समन जारी किया है। अदालत ने उन्हें 2 नवंबर को पेश होकर अपना बयान दर्ज कराने का निर्देश दिया है। नोरा को इस मामले में सरकारी गवाह के रूप में बुलाया गया है। यह कार्रवाई प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ओर से दाखिल तीसरी पूरक आरोपपत्र के आधार पर की गई है।

यह मामला महाठग सुकेश चंद्रशेखर पर लगे 200 करोड़ रुपये की ठगी के आरोपों से जुड़ा है। आरोप है कि सुकेश ने रैनबैक्सी के पूर्व प्रमोटर शिविंदर सिंह की पत्नी अदिति सिंह को उनके पति को जेल से बाहर निकलवाने का झांसा देकर करीब 200 करोड़ रुपये की रकम ठग ली थी।

सुकेश से महंगे उपहार मिलने का आरोप

जांच एजेंसियों के मुताबिक, सुकेश चंद्रशेखर और उसके सहयोगियों की ओर से नोरा फतेही को महंगे उपहार दिए गए थे। इनमें लग्जरी कार, महंगे बैग और आभूषण शामिल होने की बात सामने आई थी। प्रवर्तन निदेशालय इस मामले में नोरा से कई बार पूछताछ कर चुका है। जांच के दौरान सुकेश और नोरा को आमने-सामने बैठाकर भी सवाल-जवाब किए गए थे।

पूछताछ में नोरा ने एक करोड़ रुपये से अधिक कीमत की लग्जरी कार उपहार में मिलने की बात स्वीकार की थी। बताया गया कि वर्ष 2020 में चेन्नई में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन्हें यह कार दी गई थी। हालांकि, नोरा ने किसी भी तरह की गलत गतिविधि में शामिल होने से इनकार किया है। उनका कहना रहा है कि वह खुद इस मामले में पीड़ित हैं।

जैकलीन फर्नांडिस का नाम भी मामले में शामिल

200 करोड़ रुपये की ठगी और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडिस का नाम भी सामने आया है। ईडी की जांच में आरोप लगाया गया था कि सुकेश चंद्रशेखर ने जैकलीन को करोड़ों रुपये के महंगे उपहार दिए थे। इनमें लग्जरी बैग, हीरे के आभूषण, घोड़ा और विदेशी नस्ल की बिल्लियां शामिल थीं।

जांच एजेंसी के अनुसार, सुकेश ने जैकलीन से नजदीकी बढ़ाने के बाद उन पर सात करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए थे। उनके परिवार के सदस्यों को भी महंगी गाड़ियां उपहार में देने का आरोप है। इसी मामले में जैकलीन को मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों का सामना करना पड़ रहा है।

रोहिणी जेल से ठगी का नेटवर्क चलाने का आरोप

यह पूरा मामला वर्ष 2020-21 के दौरान दिल्ली की रोहिणी जेल से संचालित कथित ठगी और रंगदारी नेटवर्क से जुड़ा है। आरोप है कि सुकेश चंद्रशेखर ने जेल में रहते हुए खुद को केंद्र सरकार का वरिष्ठ अधिकारी बताकर अदिति सिंह से संपर्क किया था। उसने उनके पति को जेल से बाहर निकलवाने का भरोसा दिलाया और इसी बहाने करीब 200 करोड़ रुपये की ठगी को अंजाम दिया।

फिलहाल सुकेश चंद्रशेखर जेल में बंद है और प्रवर्तन निदेशालय मामले की जांच कर रहा है। अब 2 नवंबर को नोरा फतेही की अदालत में पेशी और बयान दर्ज होने की प्रक्रिया पर सभी की नजरें रहेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?