# धमतरी में हाई-वोल्टेज ड्रामा: दो पत्नियों को साथ रखने की जिद में 100 फीट ऊंचे बिजली टावर पर चढ़ा युवक, डेढ़ घंटे बाद उतरा

Spread the love

धमतरी | छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में सोमवार को उस समय हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब एक युवक अपनी दोनों पत्नियों को एक साथ रखने की मांग को लेकर करीब 100 फीट ऊंचे हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा काफी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा गया।

मामला भखारा थाना क्षेत्र के ग्राम भेंड्रा का है। जानकारी के अनुसार, 30 वर्षीय यादराम साहू की पहली शादी वर्ष 2019 में हुई थी। बाद में उसने वर्ष 2022 में प्रेम विवाह कर दूसरी शादी भी कर ली। कुछ समय तक दोनों पत्नियां एक ही घर में रहीं, लेकिन आपसी विवाद के कारण दूसरी पत्नी अलग रहने लगी। युवक चाहता था कि दोनों पत्नियां फिर से एक साथ रहें, लेकिन दोनों इसके लिए तैयार नहीं थीं।

इसी विवाद से परेशान होकर यादराम हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, प्रशासन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। काफी समझाइश के बावजूद वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ। इसके बाद दोनों पत्नियों को मौके पर बुलाया गया। उनकी समझाइश के बाद करीब डेढ़ घंटे बाद युवक सुरक्षित नीचे उतर आया।

टावर से उतरते ही पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। बताया जा रहा है कि पिछले एक महीने में यह दूसरी बार है जब वह इसी तरह टावर पर चढ़ा है।

भखारा थाना प्रभारी शरद ताम्रकार ने बताया कि युवक की इस हरकत से गांव में कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका थी। शांति व्यवस्था बनाए रखने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के उद्देश्य से उसके खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 151 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। घटना के बाद पूरे गांव में काफी देर तक अफरा-तफरी और चर्चा का माहौल बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?