ब्लैकमेलिंग से परेशान युवक ने खाया जहर, आरोपी महिला गिरफ्तार

Spread the love

जांजगीर-चांपा, 8 जून 2026। अकलतरा थाना क्षेत्र में ब्लैकमेलिंग के एक गंभीर मामले में पुलिस ने राजनांदगांव निवासी एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला पर युवक के निजी फोटो वायरल करने की धमकी देकर रुपए मांगने का आरोप है। लगातार मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर युवक ने कीटनाशक का सेवन कर आत्महत्या का प्रयास किया।

पुलिस के अनुसार पीड़ित युवक ने शिकायत दर्ज कराई थी कि एक महिला उसे मोबाइल पर आपत्तिजनक फोटो भेजकर ब्लैकमेल कर रही थी। महिला फोटो सोशल मीडिया और इंस्टाग्राम पर वायरल करने की धमकी देकर पैसों की मांग कर रही थी। ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर युवक ने जहर खा लिया। वर्तमान में युवक बिलासपुर के अस्पताल में भर्ती है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

जांच में पता चला कि युवक और आरोपी महिला पहले से एक-दूसरे को जानते थे। करीब 12 से 15 दिन पहले महिला ने युवक के निजी फोटो उसके और उसके परिजनों के मोबाइल नंबरों पर भेजना शुरू किया था। इसके बाद लगातार पैसे की मांग और फोटो वायरल करने की धमकियों का सिलसिला जारी रहा।

मामले में अकलतरा पुलिस ने अपराध क्रमांक 314/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 308(2) तथा आईटी एक्ट की धारा 67 के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस टीम ने राजनांदगांव पहुंचकर आरोपी महिला को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसका मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस कार्रवाई में निरीक्षक भास्कर शर्मा, उप निरीक्षक विनोद जटवार, प्रशिक्षु उप निरीक्षक दिव्या कुर्रे एवं आरक्षक राजा रात्रे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?