
वरिष्ठ नागरिक दिवस पर NSS एवं Alumni Association ने आयोजित किया आत्मीय कार्यक्रम
भिलाई। वरिष्ठ नागरिक दिवस के उपलक्ष्य में अपोलो महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) एवं Alumni Association के संयुक्त तत्वावधान में वृद्धाश्रम में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को बढ़ावा देना रहा।
इस अवसर पर महाविद्यालय के वर्तमान एवं भूतपूर्व विद्यार्थियों ने वृद्धाश्रम में निवासरत वरिष्ठ नागरिकों से आत्मीय मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य एवं कुशलक्षेम की जानकारी ली। विद्यार्थियों ने वरिष्ठ नागरिकों को फल एवं खाद्य सामग्री वितरित की तथा उनके साथ समय बिताकर उनके जीवन के अनुभवों और प्रेरणादायी विचारों को सुना।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए वरिष्ठ नागरिकों को समाज की अमूल्य धरोहर बताया। स्वयंसेवकों ने वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान, सहयोग और संवेदना बनाए रखने का संकल्प भी लिया।
इस पहल से विद्यार्थियों में सेवा भावना, सामाजिक संवेदनशीलता, मानवीय मूल्यों एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित हुई। वृद्धाश्रम के वरिष्ठ नागरिकों ने इस आत्मीय पहल के लिए NSS एवं Alumni Association के प्रति आभार व्यक्त किया।
महाविद्यालय परिवार ने कहा कि समाज से जुड़े ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को अपने सामाजिक दायित्वों को समझने और मानवीय मूल्यों को व्यवहार में उतारने के लिए प्रेरित करते हैं।

