रायपुर में महिला से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप, नाबालिग समेत 4 गिरफ्तार; शराब पिलाकर स्कूल मैदान ले जाने की बात

Spread the love

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ युवकों ने पहले महिला को शराब पिलाई और इसके बाद उसे सुनसान इलाके में ले जाकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मामले में तीन युवकों के साथ एक नाबालिग को पकड़ा है। सभी से पूछताछ की जा रही है।

शराब पिलाकर सुनसान इलाके में ले जाने का आरोप

पुलिस के मुताबिक, महिला को सरोना स्थित शराब दुकान के आसपास ले जाया गया था। आरोप है कि वहां उसे शराब पिलाई गई, जिसके बाद आरोपी महिला को आबादी से दूर ऐसे स्थान पर ले गए, जहां रात के समय पर्याप्त रोशनी नहीं थी। आरोपियों ने इसी का फायदा उठाते हुए महिला के साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया।

स्कूल के मैदान में भी वारदात का आरोप

बताया जा रहा है कि इसके बाद आरोपी महिला को आरडी तिवारी स्कूल के मैदान की ओर लेकर गए। आरोप है कि वहां भी महिला को शराब पिलाई गई और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। घटना के बाद महिला ने पुलिस से शिकायत की।

जीरो पर दर्ज हुआ मामला

महिला की शिकायत पर आजाद चौक थाने में प्रारंभिक रूप से जीरो पर मामला दर्ज किया गया। घटना का क्षेत्र डीडी नगर थाना अंतर्गत आने के कारण केस को आगे की जांच के लिए डीडी नगर पुलिस को सौंप दिया गया।

तीन आरोपी और एक नाबालिग गिरफ्तार

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शिवा, आयुष और दुर्गा नाम के आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके अलावा एक नाबालिग को भी पुलिस ने पकड़ा है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। महिला के बयान, घटनास्थल और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?