दुर्ग। शासकीय विश्वनाथ यादव तामस्कर स्नातकोत्तर स्वशासी महाविद्यालय, दुर्ग में कला, वाणिज्य एवं विज्ञान संकाय के स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश हेतु साइंस कालेज, दुर्ग का प्रवेश पोर्टल पृथक से आरंभ हो गया है। साईस कालेज, दुर्ग में प्रवेश लेने के इच्छुक विद्यार्थी को साईस कालेज के प्रवेश पोर्टल पर ऑनलाईन आवेदन करना आवश्यक है। विद्यार्थी विस्तृत विवरण हेतु साइंस कालेज दुर्ग की वेबसाईट का अवलोकन कर सकता है। हेमबंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग के प्रवेश पोर्टल पर ऑनलाईन आवेदन करने पर साईस कॉलेज, दुर्ग में प्रवेश संभव नहीं हो पायेगा। यह जानकारी देते हुए महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. अभिनेष सुराना ने बताया कि प्रवेश पोर्टल में पंजीकरण करने के दौरान विद्यार्थी को 12वीं कक्षा में प्राप्त अपार आईडी अथवा एबीसी आईडी में उल्लेखित विवरण को ही प्रविष्ट करना आवश्यक है। यह जानकारी डीजी लॉकर से प्रमाणित होने के पश्चात् ही प्रवेश पोर्टल पर विद्यार्थी प्रविष्टि कर पायेंगे। यदि किसी विद्यार्थी की जानकारी में विसंगति पायी जायेगी, तो वह साइंस कालेज, दुर्ग के प्रवेश पोर्टल पर पंजीकरण नहीं कर पायेगा। अतः विद्यार्थी सावधानीपूर्वक अपना पंजीकरण करें।
महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव ने बताया कि वर्ष 2026-27 में महाविद्यालय में स्नातक स्तर पर विज्ञान, कला तथा वाणिज्य संकाय की कक्षाएँ राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप संचालित होंगी। इसी प्रकार महाविद्यालय में सेमेस्टर प्रणाली के अंतर्गत 19 विषयों में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम तथा 05 पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रम सेमेस्टर प्रणाली के अंतर्गत संचालित है। इसी प्रकार 03 डिप्लोमा कोर्स तथा 18 सर्टिफिकेट कोर्स भी महाविद्यालय में अध्ययनरत् नियमित विद्यार्थियों हेतु उपलब्ध है।
महाविद्यालय के स्वशासी परीक्षा प्रकोष्ठ की नियंत्रक, डॉ. जगजीत कौर सलूजा ने बताया कि महाविद्यालय में प्रवेश हेतु आने वाले स्नातक प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों हेतु जानकारी प्रदान करने हेतु महाविद्यालय में हेल्प डेस्क की स्थापना जून के प्रथम सप्ताह से की जायेगी तथा महाविद्यालय के शहीद वीर नारायण सिंह ऑडिटोरियम में विभिन्न प्रवेश समितियों के माध्यम से प्रवेश प्रकिया शासन के आदेशानुसार संपादित की जायेगी। डॉ. सुराना ने बताया कि महाविद्यालय में विज्ञान संकाय के अंतर्गत गणित समूह में 555, तथा स्नातक प्रथम वर्ष बायोलॉजी समूह में 525 सीटें उपलब्ध है, वही कला संकाय में सभी विषय समूहों को मिलाकर 500 सीटें छात्र-छात्राओं हेतु उपलब्ध है। वाणिज्य संकाय में सभी अनिवार्य विषयों को मिलाकर 520 सीटें अध्ययन हेतु उपलब्ध है। महाविद्यालय की स्वशासी परीक्षा प्रकोष्ठ, नियंत्रक डॉ. जगजीत कौर सलूजा ने बताया कि महाविद्यालय में 19 विषयों में कला, विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय में उपलब्ध स्नातकोत्तर कक्षाओं में अंग्रेजी, हिन्दी, अर्थशास्त्र, भूगोल, राजनीति शास्त्र, इतिहास, एम.एस.डब्ल्यू, में 40 सीटें स्नातकोत्तर प्रथम सेमेस्टर की प्रत्येक कक्षा में उपलब्ध है। इसी प्रकार एम.कॉम, प्रथम सेमेस्टर में कुल 140 स्थान उपलब्ध है, जबकि विज्ञान संकाय के अंतर्गत एम. एससी गणित विषय में 60 तथा रसायन, भौतिकी, गणित, वनस्पति शास्त्र, प्राणी शास्त्र, माइकोबायलॉजी, बायोटेक्नालॉजी तथा जियोलॉजी में एमएससी में 25 सीटें उपलब्ध है।
स्नातक स्तर पर प्रवेश हेतु 12वीं परीक्षा उत्तीर्ण विद्यार्थियों को प्रवेश के समय मूल अंकसूची, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, स्थानांतरण प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र, आधार कार्ड साथ लाना आवश्यक है। शासन द्वारा प्रवेश संबंधी निर्देश जारी होने के पश्चात् महाविद्यालय के पोर्टल पर प्रत्येक विद्यार्थी को ऑनलाईन रूप से आवेदन प्रस्तुत करना आवश्यक है।



