साईंस कॉलेज दुर्ग में प्रवेश का उत्साह, तीन दिनों में 1000 से अधिक ऑनलाइन आवेदन

Spread the love

नए सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ, विद्यार्थियों में दिखा जबरदस्त उत्साह

दुर्ग, 4 जून 2026। शासकीय विश्वनाथ यादव तामस्कर स्नातकोत्तर स्वशासी महाविद्यालय (साईंस कॉलेज), दुर्ग में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश प्रक्रिया शुरू होते ही विद्यार्थियों का उत्साह देखने को मिल रहा है। महाविद्यालय के पृथक प्रवेश पोर्टल पर पहले तीन दिनों में ही कला, वाणिज्य एवं विज्ञान संकाय की विभिन्न कक्षाओं में प्रवेश के लिए 1000 से अधिक ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए हैं।

मेरिट सूची जारी होने के बाद होगा दस्तावेज सत्यापन

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार सिंह ने बताया कि उच्च शिक्षा विभाग द्वारा प्रवेश संबंधी दिशा-निर्देश जारी होने के बाद आवेदनों के आधार पर मेरिट सूची प्रकाशित की जाएगी। मेरिट सूची में चयनित विद्यार्थियों को स्वयं उपस्थित होकर शहीद वीर नारायण सिंह ऑडिटोरियम में प्रवेश समिति के समक्ष मूल दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। दस्तावेजों के सत्यापन के बाद निर्धारित शुल्क जमा कर प्रवेश प्रदान किया जाएगा।

विश्वविद्यालय पोर्टल नहीं, कॉलेज पोर्टल पर करना होगा आवेदन

प्राचार्य डॉ. सिंह ने स्पष्ट किया कि साईंस कॉलेज, दुर्ग में प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थियों को महाविद्यालय के प्रवेश पोर्टल पर ही आवेदन करना अनिवार्य है। केवल हेमचंद यादव विश्वविद्यालय के प्रवेश पोर्टल पर आवेदन करने से साईंस कॉलेज में प्रवेश नहीं मिल सकेगा। विद्यार्थियों को विस्तृत जानकारी के लिए महाविद्यालय की वेबसाइट का अवलोकन करने की सलाह दी गई है।

प्रवेश के समय ये दस्तावेज होंगे अनिवार्य

महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार प्रवेश के समय विद्यार्थियों को 12वीं की मूल अंकसूची, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, स्थानांतरण प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र तथा आधार कार्ड साथ लाना होगा। शासन के निर्देश जारी होने के बाद सभी विद्यार्थियों को ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करना आवश्यक रहेगा।

विद्यार्थियों की सहायता के लिए बनेगी हेल्प डेस्क

प्रवेश प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए महाविद्यालय में हेल्प डेस्क स्थापित की जाएगी। साथ ही विभिन्न संकायों में प्राप्त आवेदनों की जांच एवं सत्यापन के लिए प्राध्यापकों की विशेष प्रवेश समितियों का गठन भी किया जाएगा।

दो नए स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों से बढ़ी छात्रों की रुचि

डॉ. अजय कुमार सिंह ने बताया कि इस वर्ष महाविद्यालय में एम.ए. मनोविज्ञान तथा एम.एससी. कंप्यूटर साइंस जैसे दो नए स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम शुरू किए गए हैं। इन पाठ्यक्रमों में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के प्रवेश लेने की संभावना है।

APAAR एवं ABC ID की जानकारी भरना अनिवार्य

भौतिकी विभाग की सहायक प्राध्यापक डॉ. कुसुमांजलि देशमुख ने बताया कि प्रवेश पोर्टल में पंजीकरण करते समय विद्यार्थियों को अपनी APAAR ID अथवा ABC ID में दर्ज जानकारी के अनुसार ही विवरण भरना होगा। डिजीलॉकर के माध्यम से सत्यापन के बाद ही पंजीकरण की प्रक्रिया पूर्ण होगी। किसी भी प्रकार की विसंगति होने पर विद्यार्थी पंजीकरण नहीं कर पाएंगे।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप संचालित होंगे पाठ्यक्रम

महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव ने बताया कि सत्र 2026-27 में स्नातक स्तर की सभी कक्षाएं राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप संचालित होंगी। वर्तमान में महाविद्यालय में 19 स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम, 5 पीजी डिप्लोमा, 3 डिप्लोमा तथा 18 सर्टिफिकेट कोर्स संचालित किए जा रहे हैं, जिनका लाभ नियमित विद्यार्थियों को मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?