इग्नू की टर्म एंड परीक्षा शुरू, 76 वर्षीय कांति लाल विश्वकर्मा भी दे रहे परीक्षा

Spread the love

दुर्ग, 4 जून 2026। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू), नई दिल्ली की जून 2026 टर्म एंड परीक्षा 1 जून से प्रारंभ हो चुकी है। दुर्ग स्थित साईंस कॉलेज के इग्नू अध्ययन केंद्र क्रमांक 1503 में यह परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। इस परीक्षा की खास बात यह है कि 76 वर्षीय कांति लाल विश्वकर्मा भी विद्यार्थियों के साथ परीक्षा में शामिल हो रहे हैं।

इग्नू अध्ययन केंद्र क्रमांक 1503, शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय, दुर्ग के मुख्य समन्वयक डॉ. अभिनेष सुराना ने बताया कि भिलाई इस्पात संयंत्र के सेवानिवृत्त प्रबंधक कांति लाल विश्वकर्मा वर्तमान में एम.एससी. इंडस्ट्रियल सेफ्टी पाठ्यक्रम की परीक्षा दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि विश्वकर्मा इससे पहले बीआईटी दुर्ग से एम.टेक की उपाधि भी प्राप्त कर चुके हैं। उनके अलावा इग्नू में कई ऐसे परीक्षार्थी भी हैं जिनकी आयु 50 वर्ष से अधिक है, जो आजीवन शिक्षा की भावना को साकार कर रहे हैं।

अध्ययन केंद्र के सहायक समन्वयक डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव एवं डॉ. जी.एस. ठाकुर ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि टर्म एंड परीक्षाएं 1 जून से शुरू होकर 19 जुलाई 2026 तक संचालित होंगी। परीक्षा में बीए, बीकॉम, बीएससी, एमए, एमकॉम, एमएसडब्ल्यू, बीसीए, एमसीए, एमए भगवत गीता, एमए ज्योतिष सहित विभिन्न स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा, पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा एवं प्रमाणपत्र पाठ्यक्रमों के विद्यार्थी शामिल हो रहे हैं।

उन्होंने बताया कि जिन पाठ्यक्रमों में प्रोजेक्ट जमा करना अनिवार्य है, उनके प्रोजेक्ट 30 जून तक अध्ययन केंद्र के माध्यम से रायपुर अथवा नई दिल्ली भेजे जा सकते हैं। इस वर्ष ग्रामीण विकास में स्नातकोत्तर (एमआरडी) पाठ्यक्रम में एक पाली में 200 से अधिक विद्यार्थी परीक्षा दे रहे हैं।

मुख्य समन्वयक डॉ. अभिनेष सुराना के अनुसार इस वर्ष टर्म एंड परीक्षा में 500 से अधिक परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा की प्रथम पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जा रही है।

डॉ. सुराना ने विद्यार्थियों को जानकारी देते हुए बताया कि परीक्षा की डेट शीट इग्नू की वेबसाइट पर उपलब्ध है, जबकि प्रवेश पत्र को ‘हॉल टिकट’ के नाम से डाउनलोड किया जा सकता है। उन्होंने सभी परीक्षार्थियों से समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने और आवश्यक दस्तावेज साथ लाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?