साईंस कालेज, दुर्ग में स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश संबंधी पूछताछ हेतु विद्यार्थियों की भीड़

Spread the love

शासकीय विश्वनाथ यादव तामस्कर स्नातकोत्तर स्वशासी महाविद्यालय, दुर्ग में कला, वाणिज्य एवं विज्ञान संकाय के स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश हेतु बड़ी संख्या में विद्यार्थी पूछताछ हेतु महाविद्यालय में आ रहे हैं। प्रवेश प्रकिया छत्तीसगढ़ शासन, उच्चशिक्षा विभाग द्वारा महाविद्यालय में प्रवेश के मार्गदर्शी सिध्दांत 2026-27 के जारी होने के पश्चात् आरंभ की जायेगी। यह जानकारी देते हुए महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव ने बताया कि वर्ष 2026-27 में महाविद्यालय में स्नातक स्तर पर विज्ञान, कला तथा वाणिज्य संकाय की कक्षाएँ राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप संचालित होंगी। इसी प्रकार महाविद्यालय में सेमेस्टर प्रणाली के अंतर्गत 19 विषयों में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम तथा 05 पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रम सेमेस्टर प्रणाली के अंतर्गत संचालित है। इसी प्रकार 03 डिप्लोमा कोर्स तथा 18 सर्टिफिकेट कोर्स भी महाविद्यालय में अध्ययनरत् नियमित विद्यार्थियों हेतु उपलब्ध है।

महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. अभिनेष सुराना ने बताया कि महाविद्यालय में प्रवेश हेतु आने वाले स्नातक प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों हेतु जानकारी प्रदान करने हेतु महाविद्यालय में हेल्प डेस्क की स्थापना जून के प्रथम सप्ताह से की जायेगी तथा महाविद्यालय के शहीद वीर नारायण सिंह ऑडिटोरियम में विभिन्न प्रवेश समितियों के माध्यम से प्रवेश प्रक्रिया शासन के आदेशानुसार संपादित की जायेगी। डॉ. सुराना ने बताया कि महाविद्यालय में विज्ञान संकाय के अंतर्गत गणित समूह में 555, तथा स्नातक प्रथम वर्ष बायोलॉजी समूह में 525 सीटें उपलब्ध है, वही कला संकाय में सभी विषय समूहों को मिलाकर 500 सीटें छात्र-छात्राओं हेतु उपलब्ध है। वाणिज्य संकाय में सभी अनिवार्य विषयों को मिलाकर 520 सीटें अध्ययन हेतु उपलब्ध है। महाविद्यालय की स्वशासी परीक्षा प्रकोष्ठ, नियंत्रक डॉ. जगजीत कौर सलूजा ने बताया कि महाविद्यालय में 19 विषयों में कला, विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय में उपलब्ध स्नातकोत्तर कक्षाओं में अंग्रेजी, हिन्दी, अर्थशास्त्र, भूगोल, राजनीति शास्त्र, इतिहास, एम.एस.डब्ल्यू, में 40 सीटें स्नातकोत्तर प्रथम सेमेस्टर की प्रत्येक कक्षा में उपलब्ध है। इसी प्रकार एम. कॉम, प्रथम सेमेस्टर में कुल 140 स्थान उपलब्ध है, जबकि विज्ञान संकाय के अंतर्गत एम. एससी गणित विषय में 60 तथा रसायन, भौतिकी, गणित, वनस्पति शास्त्र, प्राणी शास्त्र, माइकोबायलॉजी, बायोटेक्नालॉजी तथा जियोलॉजी में एमएससी में 25 सीटें उपलब्ध है।

स्नातक स्तर पर प्रवेश हेतु 12वीं परीक्षा उत्तीर्ण विद्यार्थियों को प्रवेश के समय मूल अंकसूची, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, स्थानांतरण प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र, आधार कार्ड साथ लाना आवश्यक है। शासन द्वारा प्रवेश संबंधी निर्देश जारी होने के पश्चात् महाविद्यालय के पोर्टल पर प्रत्येक विद्यार्थी को ऑनलाईन रूप से आवेदन प्रस्तुत करना आवश्यक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?