
दुर्ग। भूगर्भशास्त्र के विद्यार्थियों को फील्ड में अध्ययन आवश्यक है। यदि वे फील्ड में नहीं जाते हैं, तो उनको चट्टानों के निर्माण तथा अन्य आवश्यक जानकारियां प्राप्त नही हो सकती। ये उद्गार जीवाजी विश्वविद्यालय, ग्वालियर के भूविज्ञान अध्ययनशाला के विभागाध्यक्ष डॉ. एन.एन. महापात्रा ने व्यक्त किये। डॉ. महापात्रा आज शासकीय विश्वनाथ यादव तामस्कर स्नातकोत्तर स्वशासी महाविद्यालय, दुर्ग में स्थित रवीन्द्रनाथ टैगोर सभागार में भूविज्ञान विभाग द्वारा आयोजित जियोलॉजिकल सोसायटी के उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में व्यक्त किये। डॉ. महापात्रा ने कहा कि भूविज्ञान में नई तकनीकों में रिमोट सेसिंग तथा जीआईएस का विशेष महत्व है। विद्यार्थियों को पारंपरिक फील्ड वर्क के साथ-साथ नई तकनीकों का भी अध्ययन करना चाहिए। ये जानकारी देते हुए भूविज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. एस.डी. देशमुख ने बताया कि समारोह की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. अभिनेष सुराना ने की। डॉ. सुराना ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में जियोलॉजिकल सोसायटी के गठन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन से विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभाओं को उभारने का अवसर मिलता है।
सरस्वती वंदना, राष्ट्रगीत वंदे मातरम् तथा छत्तीसगढ़ राज्य गीत की प्रस्तुति के साथ आरंभ हुये समारोह में विभागाध्यक्ष डॉ. एस.डी. देशमुख ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि भूविज्ञान विभाग में इस वर्ष से शिक्षण में नवाचार के अंतर्गत राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत जियोलॉजिक टाइम्स, वॉल मैग्जीन का निर्माण विद्यार्थियों द्वारा किए जाने की परंपरा शुरू की गयी है। इस वॉल मैग्जीन में जियोलॉजी के अलावा अन्य महत्वपूर्ण सम-सामयिक विषयों की जानकारी तथा भूविज्ञान के क्षेत्र में रिक्त पदों की जानकारी समावेश किया जाता है। अब तक इस वॉल मैग्जीन के तैयार दो अंकों में प्रथम अंक का निर्माण बीएससी तृतीय सेमेस्टर तथा द्वितीय अंक का निर्माण बी.एससी पंचम सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने किया है।
भूगर्भशास्त्र के प्राध्यापक डॉ प्रशांत श्रीवास्तव ने बताया कि जियोलॉजिकल सोसायटी की वर्ष भर आयोजित होने वाली गतिविधियों के संचालन हेतु मनोनीत पदाधिकारियों में एमएससी तृतीय सेमेस्टर की दीपा साहू अध्यक्ष, एमएससी तृतीय सेमेस्टर की कामिनी देवांगन एवं नेहा कुर्रे तथा एमएससी प्रथम सेमेस्टर की कुमिता उपाध्यक्ष, बी.एससी पंचम सेमेस्टर की कु झलक मिश्रा, सचिव तथा बीएससी तृतीय सेमेस्टर के छात्र कृष्णा सोनी, सह-सचिव के रूप में शामिल किये गये है। आज आयोजित क्विज प्रतियोगिता में 3 ए ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। निंबंध प्रतियोगिता में कु झलक मिश्रा तथा कु वीना साहू प्रथम, कु दानेश्वरी चन्द्राकर तथा कु नेहा कुर्रे द्वितीय, कु दाक्षी देशमुख, कामिनी देवांगन तृतीय स्थान
प्राप्त किया। वही पोस्टर प्रतियोगिता में कु यू लाया एवं कु जसविंदर कौर प्रथम्, कु प्रतिभा साहू, कु कुमिता द्वितीय तथा कु कुसुम पटेल, कु अंकिता विश्वास, कु निहारिका धनकर एवं कु जान्हवी कुर्रे तृतीय रहे। कार्यक्रम का संचालन झलक मिश्रा एवं कुमिता ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन झलक मिश्रा ने किया। इस अवसर पर भूविज्ञान के विद्यार्थियों ने भूविज्ञान से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार भी रखें। अतिथि प्राध्यापक डॉ. इन्द्रजीत साकेत ने एक वंदना प्रस्तुत की। इस अवसर पर विभाग के अतिथि प्राध्यापक डॉ. राहुल द्विवेदी एवं भूतपूर्व छात्राएं कु रूचि देशमुख, कु, फाल्गुनी साहू तथा कु मानषी जंघेल भी उपस्थित थी।
