दुर्ग में 12 घंटे चला छात्रों का चक्काजाम, शिक्षकों की कमी पर सड़क पर उतरे 400 विद्यार्थी, 17 शिक्षकों की मांग, 4 मिले; प्राचार्य हटाए गए,

Spread the love

पेंड्रावन के स्वामी आत्मानंद स्कूल में 17 शिक्षकों की मांग, 4 नए शिक्षकों की व्यवस्था; प्राचार्य हटाए गए, नए प्राचार्य की नियुक्ति

दुर्ग। जिले के धमधा क्षेत्र के पेंड्रावन स्थित स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल में शिक्षकों की कमी को लेकर छात्र-छात्राओं का आक्रोश मंगलवार को सड़क पर देखने को मिला। 9वीं से 12वीं तक पढ़ने वाले करीब 400 विद्यार्थियों ने खैरागढ़-धमधा मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। दोपहर से शुरू हुआ प्रदर्शन करीब 12 घंटे तक चला और रात 12 बजे अधिकारियों के आश्वासन के बाद समाप्त हुआ।

400 विद्यार्थियों के लिए सिर्फ 3 शिक्षक होने से नाराजगी

छात्रों का कहना था कि स्कूल में करीब 400 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, लेकिन उन्हें पढ़ाने के लिए केवल 3 शिक्षक और एक प्राचार्य हैं। विद्यार्थियों के अनुसार कम से कम 17 शिक्षकों की आवश्यकता है। शिक्षकों की कमी के कारण कई विषयों की नियमित पढ़ाई प्रभावित हो रही है और पाठ्यक्रम समय पर पूरा नहीं हो पा रहा है। खासतौर पर आर्ट्स और कॉमर्स विषय के शिक्षकों की कमी को लेकर विद्यार्थियों में नाराजगी थी।

21 अगस्त को भी किया था प्रदर्शन

शिक्षकों की कमी को लेकर विद्यार्थियों ने 21 अगस्त को भी प्रदर्शन करते हुए चक्काजाम किया था। उस समय अधिकारियों ने छात्रों से चर्चा कर जल्द शिक्षकों की व्यवस्था करने का आश्वासन दिया था। लेकिन 25 अगस्त तक उनकी प्रमुख मांग पूरी नहीं हुई। इसके बाद मंगलवार को विद्यार्थियों ने दोबारा सड़क पर उतरकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

अधिकारियों ने समझाने की कोशिश की, छात्र मांग पर अड़े रहे

प्रदर्शन की सूचना मिलने पर SDOP, तहसीलदार, SDM और स्कूल शिक्षा विभाग के सहायक संचालक सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने विद्यार्थियों से चर्चा कर चक्काजाम समाप्त करने की अपील की, लेकिन छात्र पर्याप्त संख्या में शिक्षकों की व्यवस्था होने तक आंदोलन खत्म करने को तैयार नहीं हुए। प्रदर्शन के दौरान विद्यार्थियों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई।

शिक्षा मंत्री से फोन पर बातचीत के बाद खत्म हुआ आंदोलन

लंबे समय तक चले प्रदर्शन के बाद छात्रों की शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव से फोन पर बातचीत कराई गई। आश्वासन मिलने के बाद विद्यार्थियों ने आधी रात के करीब चक्काजाम समाप्त किया। प्रशासन की ओर से स्कूल में 4 नए शिक्षकों की व्यवस्था किए जाने की जानकारी दी गई है। इसके बाद स्कूल में कुल 7 शिक्षक हो जाएंगे। कॉमर्स विषय के लिए एक शिक्षक की जल्द व्यवस्था करने का भी आश्वासन दिया गया है।

प्राचार्य हटाए गए, नए प्राचार्य की नियुक्ति

छात्रों की मांग के बाद स्कूल में चल रही ओपन स्कूल व्यवस्था को अगले सत्र से समाप्त करने का निर्णय लिया गया है। साथ ही वर्तमान प्राचार्य को हटाकर नए प्राचार्य की नियुक्ति की गई है। हालांकि विद्यार्थियों की मूल मांग 17 शिक्षकों की व्यवस्था की थी, इसलिए आने वाले दिनों में शिक्षकों की संख्या बढ़ाने को लेकर विभाग के फैसले पर छात्रों की नजर रहेगी।

शिक्षा मंत्री के गृह जिले में लगातार प्रदर्शन

पेंड्रावन स्कूल दुर्ग जिले के धमधा क्षेत्र में स्थित है। शिक्षकों की कमी को लेकर विद्यार्थियों के लगातार दूसरी बार सड़क पर उतरने से शिक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। विद्यार्थियों का कहना है कि वे पढ़ाई छोड़कर सड़क पर बैठना नहीं चाहते, लेकिन पर्याप्त शिक्षक नहीं होने से उनकी परीक्षा तैयारी और भविष्य प्रभावित हो रहा है। अब विभाग के सामने स्कूल में शिक्षकों की कमी दूर कर नियमित पढ़ाई सुनिश्चित करने की चुनौती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?