डॉ. खूबचंद बघेल महाविद्यालय भिलाई-3 में तृतीय दीक्षारंभ कार्यक्रम आयोजित

Spread the love

नवप्रवेशित विद्यार्थियों को नई शिक्षा नीति, अनुशासन और महाविद्यालयीन सुविधाओं की दी गई जानकारी

भिलाई-3। डॉ. खूबचंद बघेल शासकीय महाविद्यालय, भिलाई-3 में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए तृतीय दीक्षारंभ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा की नई शैक्षणिक यात्रा से परिचित कराने के साथ महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, अनुशासन, उपलब्ध सुविधाओं, अधिकारों एवं दायित्वों की जानकारी देना रहा। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय की प्राचार्य एवं मुख्य अतिथि डॉ. अश्विनी महाजन के मार्गदर्शन में किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया। महाविद्यालय परिवार की ओर से मुख्य अतिथि, विशेष अतिथियों एवं मंचस्थ अतिथियों का बैज-तिलक एवं पुष्पगुच्छ से स्वागत किया गया।

कार्यक्रम में श्री मनोज मित्रा, सांसद प्रतिनिधि एवं पूर्व छात्र, श्री गौरीशंकर, मंडल अध्यक्ष भिलाई-चरोदा मंडल एवं सदस्य जनभागीदारी, श्री गोपाल मेहता, प्रदेश कार्य समिति किसान मोर्चा भाजपा सहित श्री श्याम सुंदर जायसवाल, श्री धीरेंद्र कुमार प्रसाद, श्रीमती अंकिता बनर्जी, श्रीमती सुजाता डोंगरे एवं श्री संजू एवलकर उपस्थित रहे।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की अवधारणा पर जोर

दीक्षारंभ कार्यक्रम में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की अवधारणा पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि वर्तमान शिक्षा व्यवस्था का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान करना नहीं है, बल्कि उनके समग्र व्यक्तित्व विकास, कौशल विकास, रचनात्मकता, नवाचार, अनुसंधान, बहुविषयक ज्ञान एवं नैतिक मूल्यों का विकास करना है।

नवप्रवेशित विद्यार्थियों को महाविद्यालय के विभिन्न विभागों एवं पाठ्यक्रमों के साथ पुस्तकालय, प्रयोगशालाओं, खेलकूद, राष्ट्रीय सेवा योजना, छात्रवृत्ति, परीक्षा व्यवस्था तथा अन्य विद्यार्थी सुविधाओं की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों से इन सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाते हुए अपने ज्ञान और व्यक्तित्व के विकास के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया गया।

शिक्षा के साथ अनुशासन और सकारात्मक सोच जरूरी

विशेष अतिथि श्री मनोज मित्रा ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं विकासात्मक गतिविधियों में सहयोग का विश्वास दिलाया। श्री गौरीशंकर ने विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए अनुशासन, परिश्रम और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। वहीं श्री गोपाल मेहता ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए प्राध्यापकों के मार्गदर्शन में निरंतर आगे बढ़ने का संदेश दिया।

महाविद्यालयीन जीवन नई प्रतिभाओं को पहचानने का अवसर

महाविद्यालय की प्राचार्य एवं मुख्य अतिथि डॉ. अश्विनी महाजन ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि दीक्षारंभ उनके उच्च शिक्षा के नए अध्याय का शुभारंभ है। उन्होंने विद्यार्थियों से महाविद्यालय के अनुशासन का पालन करने तथा शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि महाविद्यालयीन जीवन केवल कक्षा और परीक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों के लिए अपनी प्रतिभा पहचानने, नए कौशल सीखने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने का महत्वपूर्ण अवसर है।

कार्यक्रम को सफल बनाने में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अंत में डॉ. खूबचंद बघेल शासकीय महाविद्यालय, भिलाई-3 परिवार ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उच्च शिक्षा की नई यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?