राष्ट्रीय सेवा योजना पुरस्कार 2025-26 में हेमचंद यादव विश्वविद्यालय की उल्लेखनीय उपलब्धि

Spread the love

श्रेष्ठ कार्यक्रम अधिकारी सहित तीन श्रेष्ठ स्वयंसेवक राज्य स्तरीय सम्मान से सम्मानित

दुर्ग। राष्ट्रीय सेवा योजना के राज्य स्तरीय पुरस्कार 2025-26 में हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग से संबद्ध राष्ट्रीय सेवा योजना परिवार ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। राज्य स्तरीय सम्मान समारोह में विश्वविद्यालय से जुड़े एक श्रेष्ठ कार्यक्रम अधिकारी, महाविद्यालय स्तर के दो श्रेष्ठ स्वयंसेवक तथा विद्यालय स्तर के एक श्रेष्ठ स्वयंसेवक को सम्मानित किया गया।

इंदिरा गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, वैशाली नगर, भिलाई के राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी सुरेश कुमार ठाकुर को निरंतर एवं प्रभावी कार्यों के लिए राज्य स्तरीय श्रेष्ठ कार्यक्रम अधिकारी पुरस्कार 2025-26 प्रदान किया गया। उनके नेतृत्व में वृक्षारोपण, रक्तदान, स्वास्थ्य एवं जनजागरूकता शिविर, विशेष शिविर, स्वच्छता अभियान, सामाजिक सेवा, मतदाता जागरूकता, नशा मुक्ति, पर्यावरण संरक्षण सहित विभिन्न सामुदायिक गतिविधियों का आयोजन किया गया।

महाविद्यालय स्तर पर श्रेष्ठ स्वयंसेवक के रूप में शासकीय दिग्विजय स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, राजनांदगांव के रुस्तम नुरेटी तथा माता कर्मा कला, वाणिज्य एवं विज्ञान महाविद्यालय, गुंडरदेही के रुद्रप्रताप साहू को सम्मानित किया गया। दोनों स्वयंसेवकों ने राष्ट्रीय सेवा योजना की विभिन्न सामाजिक, जनजागरूकता एवं सेवा गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता करते हुए उल्लेखनीय योगदान दिया।

वहीं विद्यालय स्तर पर श्रेष्ठ स्वयंसेवक का सम्मान ज्ञान ज्योति उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गुरूर के मिलेंद्र कुमार ईश्वा को प्रदान किया गया। उन्होंने वृक्षारोपण, रक्तदान, स्वास्थ्य, नेत्र एवं टीकाकरण शिविरों के साथ स्वास्थ्य संबंधी जनजागरूकता तथा अन्य सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाई।

इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग के कुलपति प्रो. संजय तिवारी ने सभी पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण की दिशा में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।

राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम समन्वयक डॉ. यशेश्वरी ध्रुव ने भी श्रेष्ठ कार्यक्रम अधिकारी एवं श्रेष्ठ स्वयंसेवकों को बधाई देते हुए उनके समर्पण, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की उपलब्धियां अन्य स्वयंसेवकों को भी समाजहित में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रेरित करती हैं।

इस अवसर पर जिला समन्वयक डॉ. लीना साहू, डॉ. मोनिका दास एवं डॉ. मुस्तफा अंसारी सहित हेमचंद यादव विश्वविद्यालय से जुड़े राष्ट्रीय सेवा योजना के अधिकारियों, कार्यक्रम अधिकारियों और स्वयंसेवकों ने भी पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं को बधाई एवं अभिनंदन प्रेषित किया।

राज्य स्तरीय सम्मान से राष्ट्रीय सेवा योजना के सेवा, समर्पण, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को और मजबूती मिली है। यह उपलब्धि युवाओं को “स्वयं से पहले आप” की भावना के साथ समाज एवं राष्ट्र सेवा के लिए निरंतर प्रेरित करने वाली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?