
रिसाली। हिंदी पखवाड़ा के अंतर्गत शासकीय नवीन महाविद्यालय, रिसाली में 26 सितंबर 2026 को ‘इंडिया नहीं, भारत’ विषय पर निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक एवं बड़ी संख्या में भाग लेकर विषय के विभिन्न पक्षों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
विद्यार्थियों ने अपने निबंधों में भारतीय संस्कृति, परंपरा, सभ्यता, राष्ट्रीय पहचान और वर्तमान सामाजिक परिदृश्य से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने भारत की विविधता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और भारतीयता के भाव को अपने विचारों के माध्यम से अभिव्यक्त किया। कुछ विद्यार्थियों ने कविताओं के माध्यम से भी भारत के प्रति अपने प्रेम और भावनाओं की सुंदर अभिव्यक्ति की।
हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में महाविद्यालय की वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो. निवेदिता मुखर्जी, कार्यक्रम संयोजक डॉ. पूजा पाण्डेय, डॉ. ममता, प्रो. शंभू प्रसाद निर्मलकर, प्रो. विनीता, प्रो. रितु श्रीवास्तव, प्रो. वेद, प्रो. रौशन, प्रयोगशाला तकनीशियन श्रीमती रंजना, श्री व्यास नारायण, सुश्री निकिता, सुश्री लोचन, क्रीड़ा अधिकारी श्री दीपक एवं ग्रंथपाल श्रीमती जयश्री सहित महाविद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति रुचि और सृजनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करने के साथ भारतीय संस्कृति, भाषा, अस्मिता एवं गौरव के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा। विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता से हिंदी पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित यह प्रतियोगिता विचारों और रचनात्मक अभिव्यक्ति का प्रभावी मंच बनी।
