रायपुर में 18 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या, नाचने की बात पर विवाद की आशंका

Spread the love

माता की प्रतिमा आने के बाद नाचने को लेकर विवाद की चर्चा, न्यू राजेंद्र नगर पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी

रायपुर। राजधानी रायपुर में चाकू मारकर हत्या का मामला सामने आया है। न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र के अमलीडीह स्थित स्वर्ण जयंती चौक के पास शनिवार रात 18 वर्षीय युवक गौरव सेन की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक महात्मा गांधी नगर का निवासी था। घटना रात करीब 10 से 10:30 बजे के बीच की बताई जा रही है। वारदात के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

चाकू से हमला, युवक की मौत

जानकारी के अनुसार, शनिवार रात गौरव सेन पर चाकू से हमला किया गया। हमले में गंभीर चोटें आने के कारण उसकी मौत हो गई। हालांकि, घटना के दौरान विवाद कैसे शुरू हुआ और हत्या किन परिस्थितियों में हुई, इसकी विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

नाचने की बात पर विवाद की आशंका

स्थानीय लोगों के अनुसार, माता की प्रतिमा आने के बाद नाचने की बात को लेकर विवाद होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, विवाद की इस वजह की पुलिस ने अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

न्यू राजेंद्र नगर थाना प्रभारी अजहरुद्दीन के मुताबिक, महात्मा गांधी नगर निवासी 18 वर्षीय गौरव सेन की चाकू मारकर हत्या की गई है। वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी की पहचान अभी नहीं हो पाई है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

घटना के संबंध में पुलिस घटनास्थल और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है। जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वारदात के समय गौरव के साथ कौन मौजूद था और उस पर हमला किन परिस्थितियों में किया गया। पुलिस की जांच के बाद ही हत्या की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?