डोंगरगढ़ जाने वाले पदयात्रियों के लिए सुरक्षित कॉरिडोर तैयार, दुर्ग-भिलाई में ट्रैफिक डायवर्ट; रात में भारी वाहनों की नो-एंट्री

Spread the love

11 से 19 अक्टूबर तक 24 घंटे तैनात रहेंगी 3 पेट्रोलिंग गाड़ियां, श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए बनाए जा रहे अस्थायी पुलिस सहायता केंद्र

दुर्ग-भिलाई। शारदीय नवरात्रि के दौरान मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए डोंगरगढ़ जाने वाले पैदल श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए दुर्ग यातायात पुलिस ने विशेष व्यवस्था की है। कुम्हारी टोल प्लाजा से अंजोरा बाईपास तक पदयात्रियों के लिए सुरक्षित कॉरिडोर बनाया गया है। 11 से 19 अक्टूबर तक इस मार्ग पर तीन पेट्रोलिंग वाहन 24 घंटे तैनात रहेंगे। वहीं, दुर्ग और भिलाई के विभिन्न क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए डायवर्शन प्लान भी लागू किया गया है।

पदयात्रा मार्ग पर तैनात पुलिसकर्मी लाउडस्पीकर के माध्यम से श्रद्धालुओं को सड़क के बाईं ओर चलने और यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश देंगे। इसके अलावा, रास्ते में अस्थायी पुलिस सहायता केंद्र भी बनाए जा रहे हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर श्रद्धालुओं को मदद मिल सके।

कुम्हारी से अंजोरा बाईपास तक निर्धारित रहेगा पदयात्रा मार्ग

डोंगरगढ़ जाने वाले श्रद्धालुओं को कुम्हारी टोल प्लाजा से सिरसा गेट चौक, डबरापारा तिराहा, खुर्सीपार तिराहा, पावर हाउस अंडरब्रिज, मुर्गा चौक, सेंट्रल एवेन्यू, सेक्टर-9 चौक, ठगड़ा बांध ओवरब्रिज, जेल तिराहा, गौरव पथ, गांधी पुतला, पटेल चौक, गंजपारा, पुलगांव चौक, शिवनाथ नदी ब्रिज और अंजोरा बाईपास होते हुए राजनांदगांव के रास्ते डोंगरगढ़ जाना होगा।

यातायात पुलिस ने श्रद्धालुओं से निर्धारित मार्ग का ही उपयोग करने की अपील की है। हाईवे पर पैदल चलते समय सर्विस लेन का इस्तेमाल करने और बाईपास पर पैदल चलने से बचने की सलाह दी गई है।

भिलाई के सेक्टर क्षेत्र में चारपहिया वाहनों का होगा डायवर्शन

नवरात्रि के दौरान भिलाई के सेक्टर क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए वाहनों के मार्ग में बदलाव किया गया है। पावर हाउस अंडरब्रिज से मुर्गा चौक और सेंट्रल एवेन्यू की ओर जाने वाले चारपहिया वाहनों को फॉरेस्ट एवेन्यू और गैरेज रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं, दुर्ग से सेंट्रल एवेन्यू की ओर आने वाले चारपहिया वाहनों को सेक्टर-9 चौक से फॉरेस्ट एवेन्यू और गैरेज रोड की ओर भेजा जाएगा।

गंजपारा में छोटे वाहनों के लिए बदला रास्ता

दुर्ग शहर में गंजपारा दुर्गा पंडाल के पास रात के समय पुलिस लाइन और गंजपारा की ओर से आने वाले दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों को गंज मंडी के पीछे से निकाला जाएगा।

पुलगांव चौक से आने वाली बसें महाराजा चौक और जेल तिराहा होते हुए बस स्टैंड पहुंचेंगी। इसी तरह बस स्टैंड से पुलगांव की ओर जाने वाली बसों को भी इसी मार्ग का उपयोग करना होगा।

इन मार्गों पर रात में मध्यम और भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित

यातायात पुलिस के अनुसार, पुलगांव चौक, पोटिया चौक, महाराजा चौक, जेल तिराहा, गुरुद्वारा तिराहा, धमधा रोड और नयापारा से दुर्ग शहर की ओर आने वाले मार्गों पर रात के समय मध्यम एवं भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। वाहन चालकों से निर्धारित डायवर्शन का पालन करने की अपील की गई है।

पदयात्रियों और वाहन चालकों के लिए पुलिस की जरूरी सलाह

पुलिस ने श्रद्धालुओं को रात में सुरक्षित यात्रा के लिए चमकीले कपड़े पहनने और अपने बैग पर रेडियम स्टीकर लगाने की सलाह दी है, ताकि वाहन चालकों को वे दूर से दिखाई दे सकें। पदयात्रियों को सड़क के बिल्कुल किनारे बाईं ओर चलने, मुख्य सड़क पर आने से बचने और सड़क किनारे सोने या आराम नहीं करने की हिदायत दी गई है।

श्रद्धालुओं से देर रात पदयात्रा शुरू नहीं करने और प्रशासन द्वारा निर्धारित मार्ग का ही उपयोग करने की अपील की गई है। वहीं, वाहन चालकों को पर्याप्त नींद लेकर वाहन चलाने, नशे में ड्राइविंग नहीं करने, ओवरलोडिंग से बचने और रात में लो-बीम लाइट का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। सड़क पर अनधिकृत पार्किंग नहीं करने तथा मालवाहक वाहनों में क्षमता से अधिक लोगों को नहीं बैठाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

यातायात पुलिस का उद्देश्य नवरात्रि के दौरान डोंगरगढ़ जाने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा को सुरक्षित बनाना और दुर्ग-भिलाई में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?