
रायपुर | राजधानी रायपुर से लगे आरंग थाना क्षेत्र में 22 वर्षीय युवती के कथित अपहरण और बंधक बनाए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि मंदिर हसौद थाना क्षेत्र निवासी हनी उर्फ दीपक ने युवती को रास्ते में रोककर चाकू की नोक पर जबरन अपने साथ ले गया। इसके बाद आरोपी ने उसे अपने घर में बंधक बनाकर रखा। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
रास्ते से अगवा कर घर में बनाया बंधक
पुलिस के अनुसार, युवती शनिवार को अपनी नानी के घर से लौट रही थी। इसी दौरान आरोपी ने उसका मुंह दबाकर और चाकू दिखाकर जबरन अपने साथ ले गया। आरोप है कि घर पहुंचने के बाद उसने युवती के मुंह में कपड़ा ठूंस दिया, दोनों हाथ पीछे बांध दिए और उसे खाट के नीचे छिपाकर रखा ताकि किसी को उसकी मौजूदगी का पता न चल सके।
परिजनों की तलाश से बची युवती
काफी देर तक युवती के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने रिश्तेदारों और ग्रामीणों के साथ उसकी तलाश शुरू की। तलाश के दौरान उन्हें पड़ोसी युवक हनी उर्फ दीपक पर शक हुआ। जब परिजन उसके घर पहुंचे और तलाशी ली तो युवती खाट के नीचे बंधी हुई मिली। उसके हाथ बंधे थे और मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था। परिजनों ने तत्काल उसे मुक्त कराया और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस पहुंचने से पहले फरार हुआ आरोपी
सूचना मिलते ही आरंग थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी वहां से फरार हो चुका था। पुलिस ने युवती का बयान दर्ज कर आरोपी के खिलाफ अपहरण, अवैध रूप से बंधक बनाने, धमकी देने तथा महिला से जुड़े अन्य प्रासंगिक प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया है।
गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दबिश जारी
एडिशनल एसपी अभिषेक झा ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया है। उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

